मुख्यमंत्री योगी का 11 मई को बागपत दौरा, प्रशासन अलर्ट मोड में
बागपत, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 मई को बागपत पहुंच सकते हैं। उनके प्रस्तावित संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। मेरठ मंडल आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी अस्मिता लाल तथा पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने शनिवार को मोजीजाबाद नांगल मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्गों, पार्किंग स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करते हुए सुरक्षा इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय रहते दुरुस्त एवं चाक-चौबंद रखी जा सकें।
इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, यातायात प्रबंधन बेहतर रखने तथा आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। मौके पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर क्षेत्र में प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और स्थानीय स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि बागपत जनपद के मोजीजाबाद नांगल भगवानपुर गांव स्थित शिव गोरखनाथ आश्रम खोखरा में एक कार्यक्रम किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहुंचने की संभावना है। इससे पहले भी मुख्यमंत्री यहां के कार्यक्रम में पहुंचे थे। भगवानपुर नांगल गांव के शिव गोरखनाथ आश्रम में 11 मई को नवनाथ मूर्ति का अनावरण किया जाना है। आश्रम के महंत योगी अर्जुननाथ ने कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात कर निमंत्रण दिया था। जिसकी तैयारी में प्रशासन जुटा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

