मुख्यमंत्री योगी ने नर्सिंग अफसरों को दिए नियुक्ति पत्र, बोले- प्रदेश में 9 साल में नौ लाख से अधिक नियुक्तियां हुईं
लखनऊ, 22 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी लखनऊ में लोकभवन में आयोजित समारोह में 492 चयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे, जबकि शेष 736 अभ्यर्थियों को 13 राजकीय मेडिकल कॉलेजों और दो चिकित्सा संस्थानों में आयोजित सजीव कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। यह भर्ती प्रक्रिया उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने की है।
नियुक्ति पत्र प्रदान करने के लिए आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले युवक-युवतियों को नौकरी मिलना तय रहता है, क्योंकि इनकी मांग सिर्फ उत्तर प्रदेश या भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों में भी रहती है। अपने 9 वर्ष के कार्यकाल की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय 81 मेडिकल कॉलेज हो गए हैं। उन्होंने वर्ष 2017 से पहले स्वास्थ्य विभाग की खामियां गिनाते हुए कहा कि तब नियुक्तियां की जाती थी, लेकिन डॉक्टर अस्पताल जाएं या ना जाएं, मरीजों को इलाज मिले या न मिले, किसी से कोई मतलब नहीं होता था लेकिन वर्ष 2017 के बाद से प्रदेश में न केवल स्वास्थ्य बल्कि सभी व्यवस्थाएं बदली हैं। बल्कि योग्यता के आधार पर पारदर्शिता के साथ नियुक्तियां हो रही हैं और नवरात्र पर्व पर नियुक्ति पत्र दे रहे हैं। नौ सालों में नौ लाख से अधिक नियुक्तियां की गयी हैं और कहीं भी भ्रष्टाचार की शिकायत नहीं मिली। पहले माफिया और सरकार पैरलल चलते थे। लेकिन, आज माफिया का सिस्टम खत्म हुआ है। हमने एक जिला एक मेडिकल कॉलेज काे वास्तविक रूप से लागू किया है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य की सुविधा और उसकी बदहाली स्थिति की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इंसेफ्लाइटिस से हजारों मौतें होती थीं और कोई पूछता नहीं था। गोरखपुर के जिला चिकित्सालय का जिक्र करते हुए बताया कि कैसे वहां एक महिला प्राचार्य के रिटायरमेंट होने तक तत्कालीन सरकार ने न तो फैकल्टी की व्यवस्था की और न ही प्राचार्य की और एएनएम और जीएनएम के कोर्स बंद होने के कगार पर पहुंच गयी। मैं उस समय सांसद था तो रिटायरमेंट नजदीक आने पर प्राचार्या ने हमसे समस्या बताई तो हमने जब सीएमओ को बुलाकर पूछा तो उन्होंने बताया कि सरकार को कई पत्र लिख चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है, तब ऐसी व्यवस्था थी।
सरकार स्वास्थ्य सेवाओं काे बेहतर बना रही
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों में बंद हो चुके एएनएम-जीएनएम कॉलेजों को हमने शुरू किया। सरकार के प्रयास से प्रदेश में 35 एएनएम कॉलेज और 31 नर्सिंग कॉलेज बेहतर किए गए। प्रदेश की डबल इंजन की सरकार ने हेल्थ केयर को प्राथमिकता पर लिया। पहले सब कुछ भगवान भरोसे चल रहा था। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने इन सभी चयनित नर्सिंग अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए बधाई दी। स्वास्थ्य राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह समेत विभागीय अधिकारियाें ने सभी नव चयनित नर्सिंग अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
इन नव चयनित नर्सिंग अफसरों की नियुक्ति आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज, आजमगढ़, जालौन, सहारनपुर, बांदा और बदायूं के मेडिकल कॉलेजों के साथ जेके कैंसर संस्थान और हृदय रोग संस्थान, कानपुर में की जाएगी। इन अभ्यर्थियों में 1097 महिलाएं और 131 पुरुष शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शिव सिंह

