मुख्यमंत्री योगी 28 को गऊ ग्राम परखम में कई प्रकल्पों करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित उत्तर प्रदेश के कई मंत्री करेंगे शिरकत
मथुरा, 25 नवंबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 28 नवंबर को मथुरा जनपद के फरह क्षेत्र स्थित गऊ-ग्राम परखम में गौ संवर्धन, आयुर्वेद, अनुसंधान और शिक्षा से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण, शिलान्यास और पाठ्यक्रम का विमोचन करेंगे। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केन्द्र में आयोजित होगा।
यह जानकारी दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के मंत्री हरी शंकर शर्मा ने बुधवार दोपहर पत्रकारों को दी। उन्होंने बताया कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति (दीनदयाल धाम, फरह) के तत्वावधान में होने वाले इस समारोह में मुख्यमंत्री पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का विमोचन करेंगे। इसके साथ ही अनुवादात्मक चिकित्सा में आयुर्वेद और पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं, आयुर्वेद कॉलेज एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सालय महाविद्यालय तथा 02 बीएचके आवासीय परिसर का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।
मीडिया प्रभारी कीर्ति पी. कुमार के अनुसार, समारोह में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम को निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज और श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज का आशीर्वचन प्राप्त होगा।
आयोजकों ने बताया कि समारोह में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इनके अलावा केंद्रीय मत्स्य पालन एवं पशुपालन राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, देव संस्कृति विश्वविद्यालय (उत्तराखंड) के कुलाधिपति डॉ. चिन्मय पंड्या, भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी, उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र श्दयालुश् और विज्ञान भारती के राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री प्रवीण रामदास भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम के सर्व व्यवस्था प्रमुख महावीर ने बताया कि समारोह में विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, शिक्षाविद, फैकल्टी सदस्य, समाजसेवी और महाविद्यालयीन विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है। पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. गौरव श्रीवास्तव ने मॉलिक्युलर बायोलॉजी लैब के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर उमेश शर्मा, विनीत कुमार, मुकेश शर्मा, वीरेन्द्र और ऋषभ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।----------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

