कपड़ा दुकान में लगी आग से 25 लाख रुपये का माल जला
जौनपुर ,27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले की नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित मानिक चौक पर एक कपड़े की थोक दुकान में मंगलवार देर रात संदिग्ध परिस्थितिओ में आग लग गई। इस घटना में लगभग 25 लाख रुपये का तैयार माल जलकर खाक हो गया।
यह दुकान राजेंद्र प्रसाद के बेटे अरविंद कुमार की है, जो मूल रूप से दूधुरा गांव के निवासी हैं। अरविंद कुमार के अनुसार, आग लगने के समय दुकान में कुल 25 लाख रुपये का माल मौजूद था। देर रात शटर से धुआं निकलता देख आसपास के व्यापारियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, तब तक दुकान में रखे कपड़े, बिल, नकदी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। बुधवार को जानकारी लेने पर एफएसओ नागेंद्र नाथ द्विवेदी ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी। दुकान मालिक के अनुसार शादी-विवाह के सीजन के कारण दुकान पूरी तरह भरी हुई थी, जिससे नुकसान और बढ़ गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का मुआयना किया और दुकान मालिक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। आग लगने के सही कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

