home page

मुरादाबाद में शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिता का शुभारंभ, कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां

 | 
मुरादाबाद में शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिता का शुभारंभ, कलाकारों ने दी प्रस्तुतियां


मुरादाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ एवं संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय शास्त्रीय एवं सुगम संगीत प्रतियोगिता (टैलेंट हंट) 2026-27 का बुधवार को शुभारंभ हुआ। मुरादाबाद के गांव मनोहरपुर स्थित एग्री क्लीनिक एवं एग्री बिजनेस ट्रेनिंग सेंटर के सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के बाल, किशोर और युवा कलाकारों ने गायन, वादन और नृत्य की प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के केंद्र संयोजक आदर्श भटनागर ने कहा कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। इसके साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा से जोड़ना और कला-संस्कृति के प्रति उनकी रुचि विकसित करना भी इसका उद्देश्य है।

प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल ने कलाकारों के प्रदर्शन के आधार पर परिणाम घोषित किए।

अवनद्ध वाद्य (तबला) के बाल वर्ग में विप्यांश मदान ने प्रथम और मयूर कश्यप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। किशोर वर्ग में दक्ष अग्रवाल तथा युवा वर्ग में विवेक कुमार प्रथम रहे।

ख्याल-तराना गायन के बाल वर्ग में जाह्नवी शर्मा प्रथम, आस्था द्वितीय और अद्वित विक्रम तृतीय स्थान पर रहे। किशोर वर्ग में निष्ठा शर्मा ने द्वितीय और सार्थक गोस्वामी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। युवा वर्ग में दीक्षा दवल प्रथम, स्वाति शर्मा द्वितीय और तेजस्वी शर्मा तृतीय रहीं।

शास्त्रीय नृत्य (कथक) के बाल वर्ग में अभिषा प्रभु ने द्वितीय और आराध्या कनौजिया ने तृतीय स्थान हासिल किया। किशोर वर्ग में देवांश शर्मा द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं, तंत्र वाद्य (गिटार) के किशोर वर्ग में दिव्यांशी सागर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

दो दिवसीय प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने और संगीत की विभिन्न विधाओं में प्रतिभा निखारने का अवसर मिल रहा है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल