home page

निःस्वार्थ सेवाभाव से समाज के लिए कार्य कर रहे सिविल डिफेंस के वालंटियर्स : धर्मवीर प्रजापति

 | 
निःस्वार्थ सेवाभाव से समाज के लिए कार्य कर रहे सिविल डिफेंस के वालंटियर्स : धर्मवीर प्रजापति


कानपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सेवा की भावना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व को सशक्त बनाती है। युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम से परिवार, समाज और राष्ट्र का गौरव बढ़ाएं। यह बातें शुक्रवार को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति ने कहीं।

शहर के आनंदपुरम, टिकरा स्थित बीएसएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों, सांस्कृतिक गतिविधियों में प्रतिभा दिखाने वाले छात्र-छात्राओं तथा सिविल डिफेंस के समर्पित वालंटियर्स को सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन तथा सेवा की भावना उन्हें बेहतर नागरिक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

उन्होंने सिविल डिफेंस के वार्डनों और वालंटियर्स के निःस्वार्थ सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि वे बिना किसी पारितोषिक की अपेक्षा के समाज सेवा में अपना बहुमूल्य समय देते हैं तथा आपात परिस्थितियों में हमेशा लोगों की सहायता के लिए तैयार रहते हैं। उनके कार्यों और योगदान को व्यापक स्तर पर समाज के सामने लाया जाना चाहिए, ताकि आमजन उनकी भूमिका और सेवाओं से परिचित हो सकें।

राज्यमंत्री ने कहा कि वार्डनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नागरिक सुरक्षा अधिकारियों को शीघ्र एक वृहद बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए और कहा कि वह स्वयं उसमें शामिल होकर वार्डनों से संवाद करेंगे तथा उनकी समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं पर चर्चा करेंगे।

कार्यक्रम में बीएसएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस एंड स्कूल्स के अध्यक्ष एस.सी. बाजपेई, निदेशक आशीष बाजपेई, कानपुर नागरिक सुरक्षा के चीफ वार्डन राजीव सिंह, डिप्टी कंट्रोलर पुष्पेंद्र सिंह, शिक्षक, विद्यार्थी, सिविल डिफेंस स्वयंसेवक एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप