चित्रकूट से दीपदान कर लौट रहे श्रद्धालुओं पर काल बनकर दौड़े वाहन, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर दो की मौत, 15 से अधिक घायल
बांदा, 08 नवंबर (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अमावस्या पर चित्रकूट में दीपदान कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं के लिए बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे रविवार का दिन हादसों से भरा रहा। तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर से अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसों के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली घटना बिसंडा टोल प्लाजा के पास हुई। फतेहपुर जिले के सरकंडी गांव के बर्रा बगहा निवासी करीब 12 लोग दीपावली पर चित्रकूट में दीपदान करने गए थे। रविवार सुबह सभी ऑटो से वापस लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार सभी लोग घायल हो गए। राहगीरों ने ऑटो सीधा कर घायलों को बाहर निकाला। राजाराम (55), उनके छोटे भाई फूलचंद्र (50), आरती (32) और शिवानी (35) समेत अन्य घायलों को बिसंडा पीएचसी पहुंचाया गया। उपचार के दौरान राजाराम की मौत हो गई। वहीं बुधिया (50), भोली (25), दिनेश (35) और उनकी पत्नी राधादेवी (30) की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दूसरी घटना में जालौन जिले के भभौरी खुर्द गांव के लोग बोलेरो से चित्रकूट में दीपदान करने के बाद वापस लौट रहे थे। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो उससे टकरा गई। हादसे में बोलेरो सवार आठ लोग घायल हो गए। इनमें इंदल (35) और गिरजा (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तीसरी घटना में हमीरपुर जिले के इंगोहटा गांव निवासी संदीप (23) अपने साथी लाला (25) के साथ बाइक से चित्रकूट में दीपदान कर वापस लौट रहा था। मटौंध थाना क्षेत्र के अछरौड़ गांव के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर अचानक बाइक चला रहे लाला को झपकी आ गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे साथियों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। घायल लाला का उपचार चल रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के मुताबिक हादसों की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

