होटलों ढाबो पर छापा मार बालश्रम रोके अधिकारी-डीएम
फर्रुखाबाद, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के होटलों-ढाबों पर अभियान चला कर बालश्रम के
विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी अंकुर लाठर ने शुक्रवार को अधिकारियों को दिए। वह “ मिशन वात्सल्य“ के अन्तर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री बाल सेवा योजनान्तर्गत जिला टास्क फोर्स की बैठक व बाल विवाह-डिस्ट्रिक टास्क फोर्स की बैठक को सम्बोधित कर रही थी।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने सहायक श्रमायुक्त को निर्देशित किया कि जनपद के होटल, ढाबों कारखानों पर श्रम विभाग द्वारा बाल श्रमिकों के सम्बन्ध में निरन्तर अभियान चलाया जाय। एआरटीओ को निर्देशित किया गया कि गम्भीरता और सघनता के साथ अभियान चलाकर जनपद में 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों द्वारा स्कूटी किसी भी प्रकार वाहन एवं ई-रिक्शा चलाते हुए पाये जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाये।
जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रत्येक विद्यालय में बाल विवाह रोकथाम के लिए प्रत्येक माह एक गोष्ठी का आयोजन किया जाये एवं बाल विवाह के दुष्परिणामों के सम्बन्ध में बच्चों को जागरूक किया जाये। बाल विवाह को रोकने के लिए चाईल्ड हेल्पलाइन नम्बर-1098, इमरजेंसी नम्बर 112 अथवा विभागीय सीयूजी नम्बर 7518024057 पर सूचना दें।
उप्र मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के सभी लम्बित आवेदन पत्रों को उप जिलाधिकारी/खण्ड विकास अधिकारी द्वारा सत्यापन कर समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाये। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार गौड़, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया, सीओ अजय वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल चन्द्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी, एआरटीओ, सहायक श्रमायुक्त, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, संरक्षण अधिकारी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

