बच्चे भविष्य के कर्णधार, उन्हें निखारना हम सबकी जिम्मेदारी : मनोज तिवारी
जौनपुर, 07 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में खुटहन थाना अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय शाहपुर सानी में शनिवार को वरिष्ठ समाजसेवी सतीश जयकृष्ण तिवारी द्वारा आयोजित पांच हजार छात्रों को शिक्षण सामग्री किट वितरण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि सांसद मनोज तिवारी ने सम्बोधित करते हुए कहा कि बच्चे भविष्य के कर्णधार हैं। उन्हें संवार कर निखारने की जिम्मेदारी सिर्फ शिक्षकों पर ही नहीं, बल्कि हम सभी की है। जिस समाज और देश की भावी पीढ़ी उज्जवल नहीं है, उसका पतन निश्चित है।
उन्होंने कहा कि बच्चे जिस क्षेत्र में जाना चाहें उन्हें उसी के अनुरूप शिक्षा और प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। आगे उन्होंने गीत के माध्यम से कहा कि आज हमारे देश और सनातन धर्म को बाहर से खतरा नहीं है। देश के भीतर ही कुछ लोग हैं जो जाति पांति धर्म और मजहब के नाम पर देश और समाज को तोड़ने का काम कर रहे हैं। श्री तिवारी ने जब अपना गीत ‘समझ कतहूं नाही गइल,जब ना धाम चौकियां गइल।’ इसके बाद पचरा गीत ‘निमियां के डरिया मैया डारे लू झेलुअवा’ गाकर खूब तालियां बजवाई। लोगों के आग्रह पर जब वे चिर परिचित अंदाज में अपना गीत ’हीं हीं हीं हीं हंसि देहेसि पिंकिया के पापा’प्रस्तुत किया श्रोता झूमने लगे।अंत में उन्होंने होली गीत प्रस्तुत कर पूरे पंडाल फाल्गुनी बहार बहा दी।
बतौर अध्यक्ष पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि बच्चे भले ही शांत बैठे हों लेकिन वे अभिभावकों, शिक्षकों व बड़ों के आचरण से बहुत कुछ सीखते हैं। इस लिए लोगों को चाहिए कि दिखावा और झूठ बोलने से अच्छा है कि सच बोलकर अपना दुश्मन बना लिया जाय। इससे जहां हमारे मन को शांति मिलेगी वहीं भावी पीढ़ी सत्य के राह पर चलने को प्रेरित होगी। विधायक रमेश मिश्र ने छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए मुख्य अतिथि से बदलापुर को जिला बनाए जाने में सहयोग करने की अपील किया। जिलाधिकारी डॉ दिनेश सिंह ने पर्यावरण और जल संरक्षण के बिषय में छात्रों को विधिवत समझाया। बीएसए गोरखनाथ पटेल ने सभी का स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

