home page

नहाय खाय के साथ 13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व, पीतलनगरी में दो स्थानों पर होंगे वृह्द सामूहिक कार्यक्रम

 | 
नहाय खाय के साथ 13 नवंबर से शुरू होगा छठ महापर्व, पीतलनगरी में दो स्थानों पर होंगे वृह्द सामूहिक कार्यक्रम


- नगर निगम मुरादाबाद की ओर से छठ पूजा घाटों पर चल रहा है सफाई अभियान

मुरादाबाद, 09 नवंबर (हि.स.)। नहाय खाय के साथ छठ महापर्व की 13 नवंबर से शुरुआत होगी। पूर्वांचल वासी संस्था की ओर से मुरादाबाद नगर निगम द्वारा बीते वर्ष लोकोशेड पुल के नीचे बनाए गए छठ पूजा घाट पर वृह्द स्तर पर छठ पूजा सामूहिक कार्यक्रम आयोजित होगा। वहीं सर्वजन हिताय संस्था की मुरादाबाद इकाई की ओर से इस बार भी यह आयोजन आशियाना कॉलोनी स्थित सीएल गुप्ता आई इंस्टीट्यूट के निकट रामगंगा किनारे रामगंगा घाट पर आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में रह रहे पूर्वांचल परिवारों की ओर से घरों के आंगन व छतों पर भी छठ पूजा की जाएगी।

वैदिक पंचाग के अनुसार, चार दिनों तक चलने वाला यह पर्व 13 से 16 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। जिसमें पहले दिन नहाए खाए, दूसरे दिन खरना, तीसरे दिन अस्त होते सूर्य देवता को पहला अर्घ्य और अंतिम दिन उदय होते सूर्य भगवान को दूसरा अर्घ्य दिया जाएगा।

पूर्वांचलवासी संस्था के अशोक कुमार चतुर्वेदी ने सोमवार को बताया कि छठ पूजा महापर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से होती है और इसका समापन सप्तमी तिथि पर होता है। चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व सूर्य देव और छठी मैया की पूजा के लिए समर्पित होता है। इस पर्व में माताएं अपनी संतान की लंबी उम्र और उज्जवल भविष्य की कामना करती हैं। मुरादाबाद में छठ पूजा को लेकर की जा रही तैयारियां अंतिम दौर में है। नगर निगम मुरादाबाद द्वारा लोकोशेड पुल के नीचे बने छठ पूजा घाट और सीएल गुप्ता आई इंस्टीट्यूट के निकट रामगंगा किनारे रामगंगा घाट पर साफ सफाई अभियान तेजी से चल रहा है।

अशोक कुमार चतुर्वेदी ने आगे बताया कि छठ पर्व के आगाज के पहले दिन 13 नवंबर को व्रती महिलाएं स्नान करने के बाद शुद्ध सात्विक भोजन लौकी की सब्जी, चने की दाल का सेवन करेंगी। दूसरे दिन 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन का उपवास रखेंगी और शाम को गुड़ की खीर का प्रसाद बनाकर छठी मैया को भोग लगाएंगी और फिर प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। तीसरे दिन 15 नवंबर को नदी या तालाब के घाट पर इकट्ठा होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। चौथे व अंतिम दिन 16 नवंबर सुबह-सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और व्रत का पारण (व्रत समापन) होगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल