बम से उड़ाने की धमकी की मेल मिलने के बाद प्रधान डाकघर में चला सघन चेकिंग अभियान
-डाकखाने में आने-जाने वाले वाहनों की भी चेकिंग की गई
मुरादाबाद, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित प्रधान डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी शुक्रवार को ईमेल से मिली। इसके बाद बम निरोधी दस्ता, डाग स्कावड और पुलिस ने डाकखाने का कोना-कोना चेक किया। यहां पर आने-जाने वाले वाहनों की भी चेकिंग की गई ।
वरिष्ठ डाक अधीक्षक विनय कुमार ने बताया कि सिविल लाइंस स्थित प्रधान डाकघर में एक मेल आई थी जिसमें यहां बने पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस मेल के आने के बाद हम सक्रिय हुए और पुलिस को सूचित किया। इसके बाद सघन चेकिंग कराई गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
उन्होंने बताया कि जनपद मुरादाबाद के अलावा रामपुर व अमरोहा में पासपोर्ट केंद्र चल रहे हैं। उनके एचओ को भी हमने सूचित कर दिया था, वहां भी चेकिंग कराई गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
-------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

