home page

तिरंगा यात्रा में गूंजे भारत माता के जयकारे, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया नेतृत्व

 | 
तिरंगा यात्रा में गूंजे भारत माता के जयकारे, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया नेतृत्व


तिरंगा यात्रा में गूंजे भारत माता के जयकारे, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया नेतृत्व


देवरिया, 09 अगस्त (हि.स.)। हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रविवार शाम पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के तरकुलवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। शाम करीब पांच बजे प्रदेश के कृषि मंत्री एवं पथरदेवा विधायक सूर्य प्रताप शाही के नेतृत्व में निकली यात्रा बंजरिया मोड़ से शुरू होकर बालपुर श्रीनगर चौराहे तक पहुंची। करीब तीन किलोमीटर लंबी यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा की अगुवाई कर रहे थे। उनके पीछे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर चल रहे थे। पूरे रास्ते भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे गूंजते रहे। देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगों से पूरा मार्ग राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया।

यात्रा के दौरान बंजरिया मोड़ से लेकर बालपुर श्रीनगर चौराहे तक जगह-जगह स्थानीय लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। लोगों ने तिरंगा लहराकर देश के प्रति अपनी भावना व्यक्त की। कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

यात्रा के समापन पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और देश के वीर जवानों के त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। प्रत्येक नागरिक को देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं।

तिरंगा यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री श्रीनिवास मणि त्रिपाठी, रविंद्र किशोर कौशल, मंडल अध्यक्ष दुष्यंत राव, जीवनपति त्रिपाठी, राजेश सिंह सेंगर, ब्लॉक प्रमुख रामआशीष गुप्ता, चेयरमैन जनार्दन कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक