home page

करोड़ों रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ने पीतलनगरी की सूरत बदल दी : रितेश गुप्ता

 | 
करोड़ों रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ने पीतलनगरी की सूरत बदल दी : रितेश गुप्ता


मुरादाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। योगी सरकार के नौ वर्षों में मुरादाबाद (पीतलनगरी) में हुए करोड़ों रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट ने पीतलनगरी की सूरत बदल दी है। मुरादाबाद में 106 करोड़ की लागत से बना सोनकपुर रेल ओवरब्रिज, 233.17 करोड़ का इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) और 400 करोड़ रुपये का 58 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) जैसी बड़ी परियोजनाएं वर्तमान में पूरी तरह सुचारू रूप से काम कर रही हैं। यह बातें शुक्रवार को मुरादाबाद नगर विधानसभा से भाजपा विधायक रितेश गुप्ता ने योगी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर पंचायत भवन प्रांगण में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए कही।

नगर विधायक रितेश गुप्ता ने आगे कहा कि सरकार की सभी परियोजनाओं से स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम से भारी मुक्ति, बेहतर सुरक्षा और स्वच्छ पर्यावरण का सीधा लाभ मिल रहा है। हालांकि, मुरादाबाद एयरपोर्ट का टर्मिनल और 25 इलेक्ट्रिक बसों का इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार होने के बावजूद तकनीकी व प्रशासनिक कारणों से इनका संचालन अभी पूरी क्षमता से सुचारू नहीं हो पाया है। इसके बावजूद 114.91 करोड़ से बना स्मार्ट रोड नेटवर्क, 169.58 करोड़ का निर्माणाधीन गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय और 30 सरकारी भवनों पर लगे सोलर रूफ टॉप जैसी दर्जनों परियोजनाओं ने मुरादाबाद को एक स्मार्ट शहर के रूप में स्थापित किया है।

लंबे समय से जाम की समस्या से जूझ रहे मुरादाबाद वासियों और दैनिक यात्रियों के लिए 106 करोड़ रुपये की लागत से बना सोनकपुर रेल उपरिगामी सेतु एक बड़ी राहत बनकर उभरा है। जमीनी हकीकत में यह पुल पूरी तरह से संचालित है और नए मुरादाबाद को पुराने शहर से जोड़ रहा है, जिससे दिल्ली रोड की तरफ जाने वाले मार्ग पर लगने वाले भारी जाम से छुटकारा मिल गया है और सफर का समय भी काफी कम हुआ है। इसके अलावा 114.91 करोड़ की लागत से बना स्मार्ट रोड नेटवर्क और 10.25 करोड़ से तैयार कांठ रोड को दिल्ली रोड से जोड़ने वाला 'विकास पथ' भी यातायात को सुचारू बनाए हुए हैं, जिससे व्यापारिक और आम आवागमन बेहद आसान हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल