home page

उफान पर चंद्रावल नदी, दर्जन भर गांवों में बाढ़ का खतरा

 | 
उफान पर चंद्रावल नदी, दर्जन भर गांवों में बाढ़ का खतरा


बारिश से चंद्रावल नदी और चार बड़े नाले उफनाए

कई रपटों पर पानी बहने से आवागमन ठप, 12 गांवों की ओर बढ़ा पानी

हमीरपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से चंद्रावल नदी का जलस्तर खतरे के निशान की ओर बढ़ गया है, जिससे मौदहा क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों पर बाढ़ और जलभराव का संकट मंडराने लगा है। नदी के साथ-साथ श्यामनाला, बिछुही, शिहो और बगहा नाला उफान पर हैं। गुरुवार को पारा, लदार और लड़ौंद के रपटों के ऊपर तेज बहाव होने के कारण इन मार्गों पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।

तटीय और निचले इलाकों में स्थित, पढ़ोरी, फत्तेपरवा, गुरदहा, इचौली, नायकपुरवा, रतौली, भमौरा, मवैया, नारायच, मदारपुर, छिमौली और सिजनौड़ा गांवों में पानी तेजी से आबादी की ओर बढ़ रहा है। रतौली गांव में पानी बस्तियों के नजदीक पहुंच चुका है, जबकि लारौंद में पंचायत भवन स्थित आरआरसी सेंटर जलमग्न हो गया है, जिससे वहां खड़ा ई-रिक्शा भी डूब गया। भमौरा गांव में पानी पीने के कुओं के पास तक आ पहुंचा है, जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। क्षेत्र में लगातार बारिश जारी रहने के कारण हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से तुरंत निगरानी और राहत कार्य शुरू करने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रभावित गांवों में लेखपाल, ग्राम सचिव और प्रधानों की ड्यूटी लगाकर स्थिति पर नजर रखी जाए, खतरनाक रपटों पर आवाजाही रोकी जाए और आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने के अग्रिम इंतजाम किए जाएं। उपजिलाधिकारी करनवीर सिंह ने गुरुवार को शाम बताया कि अभी स्थिति सामान्य है बाढ़ प्रभावित गांवों राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौके पर लगाये गए हैं वही गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को गहरे पानी में न जाने की सलाह दी गई है

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा