home page

चैत्र नवरात्र पर सीतापुर के नैमिषारण्य में उमड़ा श्रद्धालु का सैलाब

 | 
चैत्र नवरात्र पर सीतापुर के नैमिषारण्य में उमड़ा श्रद्धालु का सैलाब


सीतापुर, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के प्रथम दिन विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल नैमिषारण्य में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। यहां स्थित मां ललिता देवी मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए सुबह से ही पहुंच रहे हैं।

नगर क्षेत्र के आलम नगर स्थित दुर्गा मंदिर, पंजाबी धर्मशाला मन्दिर में सुबह से ही दर्शन-पूजा-पाठ करने की श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। नवरात्र के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। श्रद्धालुओं ने नारियल, फूल-माला और प्रसाद अर्पित कर मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। कई भक्त परिवार सहित पहुंचे, वहीं साधु-संत भी साधना और पूजा में लीन दिखाई दिए।

सुबह से ही लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते रहे। आरती के बाद जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, दर्शन का क्रम तेज हो गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मंदिरों में प्रवेश और निकास मार्गों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाया गया है। इसके साथ ही साफ-सफाई, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। पहले दिन उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने आने वाले दिनों में और अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई है।

नैमिषारण्य स्थिति ललिता मन्दिर के पुजारी गोपाल शास्त्री,आचार्य राजा गुरु ने बताया कि सुबह चार बजे से ही मन्दिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का आना-जाना शुरू हो गया। आचार्य राजा गुरु ने बताया सीतापुर के अलावा प्रदेश के कई जिलों और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालुओं का बड़ी संख्या में आना हुआ है। कोतवाली प्रभारी नवनीत मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो इसके लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma