home page

बड़ी शीतला माता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

 | 
बड़ी शीतला माता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब


बड़ी शीतला माता धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब


मीरजापुर, 19 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र पर अदलपुरा स्थित बड़ी शीतला माता मंदिर में गुरुवार को श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर चार बजे मंगला आरती के बाद मंदिर का कपाट खुलते ही भक्तों का दर्शन-पूजन शुरू हो गया।

मां का लाल गुलाब, पीले गेंदा फूल और दौना से भव्य श्रृंगार किया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। मां को नैवेद्य, फल व मिष्ठान का भोग अर्पित किया गया।

मीरजापुर सहित वाराणसी, जौनपुर, भदोही, चंदौली व सोनभद्र से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद नारियल, चुनरी, माला फूल व प्रसाद लेकर कतार में खड़े होकर जयकारे लगाते हुए दर्शन किया। भीड़ के चलते गर्भगृह में धक्का-मुक्की के बीच श्रद्धालु मां के दर्शन कर निहाल होते रहे।

मंदिर परिसर में बुधवार शाम से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। जगह-जगह चुनरी, नारियल व प्रसाद की दुकानें सजी रहीं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सीओ मंजरी राव, तहसीलदार इवेंद्र कुमार, कोतवाल विजय शंकर सिंह व नायब तहसीलदार ज्योति सिंह ने मेला क्षेत्र व गंगा घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा