home page

वनटांगिया गांव में दीपपर्व मनाएंगे मुख्यमंत्री योगी

 | 

गोरखपुर, 06 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बार भी वनटांगिया समुदाय के बीच दीपावली का पर्व मनाएंगे। बतौर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह लगातार दसवीं दिवाली होगी जब वह सौ साल तक उपेक्षा के अंधेरे में जीने की विवश रहे। मुख्यमंत्री पर्व की खुशियां बाटेंगे। हालांकि वनटांगियों की आस में उजास लाने का यह अखंड सिलसिला उन्होंने बतौर सांसद वर्ष 2009 के दीपपर्व से ही प्रारंभ कर दिया था। 8 नवंबर (रविवार) को मुख्यमंत्री वनवासियों के साथ दीपावली मनाने के साथ 78 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे।

वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन का उल्लास छाया हुआ है। योगी और वनटांगिए एक-दूजे संग अटूट नाता जोड़ चुके हैं। वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में हर साल दीपावली मनाने वाले मुख्यमंत्री के प्रयासों से इस गांव समेत गोरखपुर-महराजगंज के 23 गांवों और प्रदेश की सभी वनवासी बस्तियों में विकास और हक-हुकूक का अखंड दीप जल रहा है। वास्तव में कुसम्ही जंगल स्थित वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन एक ऐसा गांव है जहां दीपोत्सव पर हर दीप योगी बाबा के नाम से ही जलता है। साल दर साल यह परंपरा ऐसी मजबूत हो गई है कि साठ साल के बुजुर्ग भी बच्चों सी जिद वाली बोली बोलते हैं, बाबा नहीं आएंगे तो दीया नहीं जलाएंगे। वनटांगिया गांव में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं तो गांव के लोग भी उमंग-तरंग के साथ स्वागत को तैयार हैं।

78 करोड़ रुपये का दिवाली गिफ्ट देंगे सीएम

08 नवंबर को वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में दीपपर्व मनाने के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले की कई ग्राम पंचायतों को 78 करोड़ रुपये का दिवाली गिफ्ट भी देंगे। सीएम इस अवसर पर 74.12 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं 3.88 करोड़ रुपये की लागत वाली विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इन विकास परियोजनाओं में अधिकांश विभिन्न गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के कार्य हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय