home page

देवरिया : सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में गिरावट पर सीडीओ सख्त, सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

 | 
देवरिया : सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में गिरावट पर सीडीओ सख्त, सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस


देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की जून 2026 की रैंकिंग में देवरिया के प्रदेश में 42वें स्थान पर पहुंचने के चलते मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने कड़ा रुख अपनाया है। बुधवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों की जवाबदेही तय करते हुए सात अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीडीओ ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का प्रमुख पैमाना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, वे तत्काल सुधारात्मक कदम उठाएं।

समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना में खराब प्रदर्शन पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, आईसीडीएस पोषण अभियान में कमजोर प्रगति पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में अपेक्षित उपलब्धि न होने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, सेतु निर्माण कार्यों में धीमी प्रगति पर उप परियोजना प्रबंधक (सेतु निगम), नई सड़कों के निर्माण में खराब प्रदर्शन पर अधीक्षण अभियंता (लोक निर्माण विभाग), राज्य योजना में अपेक्षित प्रगति न होने पर पर्यटन सूचना अधिकारी तथा पांचवें राज्य वित्त आयोग से जुड़े कार्यों में लापरवाही पर जिला पंचायत राज अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों का समय-समय पर सत्यापन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं की वास्तविक प्रगति के साथ पोर्टल पर समयबद्ध और सही डेटा अपलोड करना भी विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

उन्होंने सभी अधिकारियों से लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और अगले माह की मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में देवरिया की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक