कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन के सभी आई-गर्डर्स की ढलाई पूरी : सुशील कुमार
कानपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-2 के एलिवेटेड सेक्शन का सिविल निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। नौबस्ता कास्टिंग यार्ड में पियर कैप्स, डबल टी-गर्डर्स और यू-गर्डर्स के बाद अब आई-गर्डर्स की ढलाई पूरी होना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह बातें मंगलवार काे उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कहीं।
कानपुर मेट्रो के कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) के करीब 4.50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन के निर्माण में एक और महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है। नौबस्ता स्थित कास्टिंग यार्ड में वायाडक्ट के लिए निर्धारित सभी 156 आई-गर्डर्स की ढलाई पूरी कर ली गई है। यह एलिवेटेड सेक्शन दो हिस्सों में बनाया जा रहा है।
एलिवेटेड सेक्शन में इस्तेमाल होने वाली प्री-कास्ट संरचनाओं को पहले कास्टिंग यार्ड में तैयार किया जाता है। गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच के बाद इन्हें हैवी-ड्यूटी क्रेन की मदद से निर्माण स्थल तक पहुंचाकर निर्धारित डिजाइन और अलाइनमेंट के अनुसार स्थापित किया जाता है। इससे पहले इस सेक्शन के सभी 106 पियर कैप्स, 141 डबल टी-गर्डर्स और 220 यू-गर्डर्स की कास्टिंग भी पूरी की जा चुकी है।
आई-गर्डर्स अंग्रेजी अक्षर ‘I’ के आकार की संरचनाएं होती हैं। इनका उपयोग मेट्रो वायाडक्ट में क्रॉसओवर पॉइंट समेत विभिन्न स्थानों पर संरचनात्मक सपोर्ट देने के लिए किया जाता है। क्रॉसओवर या ट्रैक-चेंज व्यवस्था के माध्यम से मेट्रो ट्रेन को एक ट्रैक से दूसरे ट्रैक पर स्थानांतरित किया जा सकता है। आई-गर्डर्स को पियर कैप्स के ऊपर निर्धारित डिजाइन और अलाइनमेंट के अनुसार स्थापित किया जाता है।
सुशील कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश मेट्रो की इंजीनियरिंग टीम कॉरिडोर-2 के निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है।
गौरतलब है कि करीब 23.5 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 (आईआईटी-नौबस्ता) में वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 15 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर यात्री सेवाएं संचालित हो रही हैं। कॉरिडोर-1 के कानपुर सेंट्रल-नौबस्ता शेष हिस्से पर यात्री सेवाएं जल्द शुरू होने की संभावना है। वहीं, करीब 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 (सीएसए-बर्रा-8) का सिविल निर्माण कार्य भी जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

