home page

बॉलीवुड में संघर्ष करने वाले युवाओं की सच्चाई दिखाएगी ‘कास्टिंग काउच’ फिल्म : अजय त्रिपाठी

 | 
बॉलीवुड में संघर्ष करने वाले युवाओं की सच्चाई दिखाएगी ‘कास्टिंग काउच’ फिल्म : अजय त्रिपाठी


कानपुर, 11 मई (हि.स.)। देशभर से हजारों युवक-युवतियां हर दिन बॉलीवुड में अपना भविष्य बनाने का सपना लेकर मुंबई पहुंचते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को सफलता मिल पाती है। हमारी फिल्म फिल्मी दुनिया में व्याप्त कास्टिंग काउच की सच्चाई को सामने लाने का काम करेगी। यह बातें सोमवार को फिल्म निर्माता अजय त्रिपाठी ने कहीं।

आर्य नगर स्थित गेंजेस क्लब में आज फिल्म ‘कास्टिंग काउच’ के क्लाइमैक्स दृश्य की शूटिंग की गई। शूटिंग के दौरान कलाकारों और तकनीकी टीम ने कई महत्वपूर्ण दृश्य फिल्माए। निर्माता अजय त्रिपाठी ने बताया कि फिल्म उन युवाओं के संघर्ष पर आधारित है जो बॉलीवुड में अपना करियर बनाने के लिए मुंबई जाते हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से लड़कियों को फिल्म इंडस्ट्री में कई कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है और फिल्म उसी कड़वी सच्चाई को दर्शाने का प्रयास करती है।

फिल्म के निर्देशक राजेश कुमार ने कहा कि फिल्म की कहानी सामाजिक यथार्थ से जुड़ी हुई है और दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि फिल्म में मनोरंजन के साथ एक मजबूत संदेश भी दिया गया है।

फिल्म की शूटिंग कानपुर के बिठूर, ट्यूलिप रिसोर्ट, गेंजेस क्लब तथा लखनऊ के विभिन्न स्थानों पर की गई है। फिल्म के निर्देशक रॉबिंस कुमार हैं, जबकि छायांकन की जिम्मेदारी मोनू दीक्षित ने संभाली है।

फिल्म में प्रियंका सचान मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में नजर आएंगी, जबकि स्नेहा सचान ने सह अभिनेत्री का किरदार निभाया है। राघव मिश्रा फिल्म के मुख्य अभिनेता हैं। इसके अलावा संजय मिश्रा, बीके मिश्रा और अरशद खान ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। अरशद खान फिल्म में पुलिस इंस्पेक्टर के किरदार में दिखाई देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप