छावनी की टूटी सड़कों और जाम से त्राहिमाम, एक माह में सड़कें ठीक कराने की मांग
कानपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। छावनी क्षेत्र में टूटी सड़कों और जाम से लोग त्राहिमाम हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों और अभिभावकों को भी रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। छावनी परिषद को प्राथमिकता के आधार पर इन समस्याओं का समाधान कर लोगों को राहत देनी चाहिए। यह बातें मंगलवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।
कानपुर महानगर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता की अगुआई में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने छावनी परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) स्टीफन पीडी से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने छावनी क्षेत्र की जर्जर सड़कों, जलभराव, स्कूलों के आसपास लगने वाले जाम और सफाई व्यवस्था सहित कई समस्याएं उठाईं।
कांग्रेसजनों ने बताया कि मैथोडिस्ट स्कूल, गोल्फ कोर्स, पनचक्की चौराहा, हरबंस मोहाल, रेल बाजार और मीरपुर में सड़कों की हालत बेहद खराब है। टूटी सड़कों और जाम की वजह से स्थानीय लोगों के साथ स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि छावनी क्षेत्र की बड़ी आबादी लंबे समय से इन समस्याओं से प्रभावित है।
प्रतिनिधिमंडल ने नानाराव घाट (मस्कर घाट) समेत अन्य घाटों पर पूजा-पाठ की दुकानें खोलने की अनुमति देने की मांग भी रखी। साथ ही समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई।
सीईओ स्टीफन पीडी ने प्रतिनिधिमंडल को सभी मुद्दों के निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने एक माह के भीतर सड़कों को ठीक कराने की बात कही।
प्रतिनिधिमंडल में जिला सचिव मुकेश कन्नौजिया, विनय पांडे, जीतू दुबे, मो. अकील आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

