home page

मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पिछले दो साल से बंद पड़ी कैंटीन अप्रैल से हो जाएगी शुरू

 | 
मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर पिछले दो साल से बंद पड़ी कैंटीन अप्रैल से हो जाएगी शुरू


मुरादाबाद, 20 मार्च (हि.स.)। मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पिछले दो साल से बंद पड़ी बड़ी कैंटीन का संचालन अप्रैल के पहले सप्ताह में शुरू हो जाएगा। मुरादाबाद स्टेशन पर प्रतिदिन 40 हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है।

महंगे लाइसेंस शुल्क के कारण कोई फर्म इसके संचालन का जिम्मा लेने को तैयार नहीं थी। नुकसान के कारण ही दो साल पहले दून कैटरर्स ने लाइसेंस सरेंडर किया था। छह बार टेंडर जारी होने के बावजूद कैंटीन संचालित न होने पर आईआरसीटीसी ने लाइसेंस शुल्क घटा दिया है। रेलवे के सूत्रों के मुताबिक इसे 50 लाख से घटाकर 32 लाख कर दिया गया है। इसके बाद कुछ फर्म कैंटीन संचालन के लिए आगे आई हैं।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता ने शुक्रवार को बताया कि टेंडर जारी हो चुका है। अप्रैल के पहले सप्ताह में कैंटीन का संचालन शुरू हो जाएगा। रेलवे के आंकड़े के मुताबिक मुरादाबाद स्टेशन पर रोजाना 40 हजार से अधिक यात्रियों का आवागमन होता है। भोजनालय के संचालन से यात्रियों को किफायती दामों पर गुणवत्ता वाला भोजन मिल सकेगा। 50 से 70 रुपये में शाकाहारी थाली यहां उपलब्ध होगी। इसके अलावा समोसा, सैंडविच आदि स्नैक्स भी कम दाम पर यात्रियों को मिलेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल