home page

2027में कमजोर सीटों पर बदले जायेंगे उम्मीदवार:क्षेत्रीय मंत्री अजीत सिंह

 | 
2027में कमजोर सीटों पर बदले जायेंगे उम्मीदवार:क्षेत्रीय मंत्री अजीत सिंह


2027में कमजोर सीटों पर बदले जायेंगे उम्मीदवार:क्षेत्रीय मंत्री अजीत सिंह


जौनपुर,08 सितंबर (हि.स.)। भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री अजीत सिंह के मंगलवार को जौनपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नगर के एक होटल में पत्रकारों से बात करते हुए अजीत सिंह ने कहा कि वह पहले भी संगठन और भाजपा से जुड़े रहे हैं। संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संगठन में मिली जिम्मेदारी के तहत वह निचले स्तर से लेकर ऊपर तक संगठन को मजबूत करेंगे। उनका उद्देश्य कार्यकर्ताओं से जुड़ना, उनकी अपेक्षाओं और भावनाओं को समझना है। साथ ही, सरकार की सभी योजनाएं जनता तक पहुंचे, यही उनका लक्ष्य है। सभी काम सही ढंग से हों, यह उनकी पहली प्राथमिकता है।

अजीत सिंह ने बताया कि 2027 के चुनाव को लेकर पार्टी ने कई दिशा-निर्देश दिए हैं। सभी पदाधिकारी अपने-अपने स्तर पर काम कर रहे हैं। जिस विधानसभा में स्थिति सही नहीं है, वहां सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता से फीडबैक ले रही है और जहां स्थिति सही नहीं होगी, वहां उम्मीदवार बदले जाएंगे और दूसरों को मौका दिया जाएगा। जो बूथ कार्यकर्ता काम नहीं कर रहे हैं, उनकी सूची बनेगी और उसे ऊपर भेजा जाएगा, जिसके बाद उन्हें हटाया जाएगा।उन्होंने पार्टी में किसी भी तरह की गुटबाजी से इनकार किया और कहा कि सभी मिलकर काम कर रहे हैं। संगठन में जो पद मिले हैं, उनमें सभी जातियों को समाहित किया गया है।राम पथ पर गड्ढों को लेकर विपक्ष के भ्रष्टाचार के आरोपों पर उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम ही भ्रष्टाचार का आरोप लगाना है। प्राकृतिक कारणों से अगर सड़क बैठ जाती है या गड्ढे हो जाते हैं, तो जनता भी बोलेगी और विपक्ष भी बोलेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि उनकी सरकार में कोई भ्रष्टाचार नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव