home page

परीक्षा खत्म होने के बाद भी प्रश्नपत्र हल करते मिले परीक्षार्थी, आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज की तीनों पालियों की परीक्षा निरस्त

 | 
परीक्षा खत्म होने के बाद भी प्रश्नपत्र हल करते मिले परीक्षार्थी, आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज की तीनों पालियों की परीक्षा निरस्त


कानपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से खिलवाड़ करने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी परीक्षार्थियों को प्रश्नपत्र हल करते पाया गया और उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट खुले मिले। इस पर 16 नवंबर को बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज में तीनों पालियों की परीक्षाएं निरस्त कर दी गईं। यह जानकारी सोमवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने दी।

सत्र 2026-27 की विषम सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षकों ने उन्नाव के बांगरमऊ स्थित आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज (यूएन-77) का निरीक्षण किया था। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार पर्यवेक्षक तीनों पालियों की परीक्षा के दौरान केंद्र पर मौजूद रहे। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्र से निकलते समय उन्हें कुछ महत्वपूर्ण सूचनाएं मिलीं। इस पर वे दोबारा महाविद्यालय पहुंचे और जांच की। वहां परीक्षा का निर्धारित समय समाप्त होने के बावजूद लगभग सभी छात्र-छात्राएं प्रश्नपत्र हल करते मिले। इसके अलावा तीनों पालियों की उत्तर पुस्तिकाओं के पैकेट भी खुले पाए गए।

अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीनों पालियों की परीक्षाएं निरस्त करने के साथ संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं को अनुचित साधन (यूएफएम) की श्रेणी में रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई का निर्णय लिया है। साथ ही आरएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज को परीक्षा केंद्र के रूप में निरस्त कर दिया गया है।

इस केंद्र से संबद्ध तीन अन्य महाविद्यालयों के परीक्षार्थियों की आगामी परीक्षाएं भी दूसरे केंद्रों पर कराई जाएंगी। इनमें अयोध्या प्रसाद मिश्र महाविद्यालय, फतेहपुर चौरासी (यूएन-35), मां शांति देवी महाविद्यालय, बहटा मुजावर (यूएन-44) और अब्दुल गफ्फार महाविद्यालय, उन्नाव (यूएन-72) शामिल हैं।

परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि नए परीक्षा केंद्र आवंटित होने तक संबंधित केंद्रों पर विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में परीक्षाएं कराई जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनियमितता और नियमों के उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप