कैंसर पीड़ित ने फांसी लगाकर दी जान
औरैया, 06 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अयाना थाना क्षेत्र स्थित अंतौल गांव में शनिवार सुबह एक मजदूर का शव आम के पेड़ से चादर के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी मोहित कुमार ने बताया कि उनके बड़े भाई मुलायम सिंह उर्फ विजय प्रकाश (38) मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। करीब 15 वर्ष पूर्व उनका विवाह हुआ था। पिछले कुछ समय से वह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे, जिसके चलते वह मानसिक रूप से भी परेशान थे।
परिजनों के अनुसार शुक्रवार की रात उन्होंने परिवार के साथ भोजन किया और अपने कमरे में सोने चले गए। शनिवार सुबह जब परिवार के लोगों ने उन्हें बिस्तर पर नहीं देखा तो तलाश शुरू की।
इसी दौरान शौच के लिए खेतों की ओर गई महिलाओं ने गांव के सुख सिंह डीलर के खेत में स्थित आम के पेड़ पर मुलायम का शव चादर के फंदे से लटका देखा। महिलाओं के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सूचना दी गई।
घटना की खबर मिलते ही मृतक की पत्नी लता, मां कांति देवी, पुत्र अमन समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह परिजनों को संभाला।
सूचना पर पहुंची अयाना थाना पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच-पड़ताल की।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने बताया है कि मृतक लंबे समय से गंभीर बीमारी से परेशान था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

