home page

वोटरों के नाम काटने की साजिश बर्दाश्त नहीं होगी, हर वार्ड में लगाए जाएंगे कैंप : पवन गुप्ता

 | 
वोटरों के नाम काटने की साजिश बर्दाश्त नहीं होगी, हर वार्ड में लगाए जाएंगे कैंप : पवन गुप्ता


कानपुर, 07 मई (हि.स.)। मतदाता सूची के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर पर कैंप लगाकर मतदाता सूची की जांच करेंगे तथा जिन लोगों के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं या नहीं जुड़े हैं, उन्हें फॉर्म छह और फॉर्म आठ के माध्यम से फिर से जुड़वाने का काम करेंगे। लोकतंत्र में वोट जनता की सबसे बड़ी ताकत है और कांग्रेस हर मतदाता के अधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी। यह बातें गुरुवार को कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कही।

कानपुर महानगर कांग्रेस ने आज तिलक हाल में बैठक आयोजित कर भाजपा और चुनाव आयोग पर मतदाता सूची में गड़बड़ी कराने का आरोप लगाया। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बंगाल में एसआईआर के तहत वोटरों को प्रभावित करने और वोट काटने की रणनीति अपनाई गई, जिसके कारण भाजपा को फायदा मिला। नेताओं ने आरोप लगाया कि ऐसी स्थिति कानपुर में भी पैदा करने की कोशिश की जा सकती है, इसलिए कांग्रेस अभी से सतर्कता अभियान शुरू कर रही है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी बंगाल में लगभग सौ सीटों पर धांधली और वोट चोरी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यूपी में एसआईआर के तहत जारी सूची में कानपुर लोकसभा की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में वोट कटे हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर पर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे। जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं या नए नाम नहीं जुड़े हैं, उनके लिए फॉर्म छह और फॉर्म आठ भरवाकर नाम जुड़वाने का अभियान चलाया जाएगा। कांग्रेस जनता को उनका अधिकार दिलाने के लिए सड़क से लेकर प्रशासन तक संघर्ष करेगी।

बैठक में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में वोट जनता की सबसे बड़ी ताकत है और भाजपा लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस हर सही मतदाता का नाम सूची में सुरक्षित रखने और मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए अभियान चलाएगी।

बैठक में एआईसीसी सदस्य हरप्रकाश अग्निहोत्री, विकास अवस्थी, जे पी पाल, निजामुद्दीन खान, इकबाल अहमद, फजल खान, शंकर दत्त मिश्रा, पदम मोहन मिश्रा, शीलू श्रीवास्तव, रितेश यादव, ग्रीनबाबू सोनकर, राकेश साहू, अमरेंद्र सिंह, धर्मेंद्र सिंह, संजय दीक्षित, बैतूल खान मेवाती, वैभव चौधरी समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप