home page

डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने बच्चों को सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति किया प्रेरित

 | 
डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने बच्चों को सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति किया प्रेरित


-डॉ. अम्बेडकर जयंती पर वात्सल्य सेवा समिति ने मलिन बस्ती में चलाया अभियान

प्रयागराज, 14 अप्रैल (हि.स)। वात्सल्य सेवा समिति द्वारा डॉ भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर समाज के वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के उत्थान के उद्देश्य से मलिन बस्ती गऊघाट स्थित बाल सेवा आश्रम में अध्ययनरत बच्चों के लिए निःशुल्क पाठ्य सामग्री का वितरण मंगलवार को किया गया। बच्चे सामग्री पाकर खुशी से झूम उठे।इस दौरान समिति की अध्यक्ष एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने अपने हाथों से बच्चों को सामग्री वितरित की। उन्होंने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सबसे मजबूत माध्यम है, जिससे कोई भी व्यक्ति अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने, अनुशासन बनाए रखने और अपने लक्ष्यों के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना एवं उन्हें बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर करना था।

इस अवसर पर आश्रम के संचालक वीरेन्द्र प्रताप सिंह ने डॉ. कीर्तिका अग्रवाल का आभार प्रकट किया तथा कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है और समाज के हर सक्षम व्यक्ति को इस दिशा में योगदान देना चाहिए। वात्सल्य सेवा समिति का यह प्रयास न केवल बच्चों के लिए सहायक है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी कार्य कर रहा है।

इस आयोजन के तहत आश्रम में रह रहे बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल एवं स्कूल बैग जैसी जरूरी पाठ्य सामग्री प्रदान की गई, ताकि उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आए। अंत में समिति द्वारा यह संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में और अधिक बच्चों तक पहुंचकर उन्हें शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर देश के विकास में योगदान दे सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र