शिव कथा से मिलती है आध्यात्मिक जीवन जीने की प्रेरणा : बेबीरानी मौर्य
प्रियाकान्तजु मंदिर पर महाशिव पुराण कथा में पहुँची केबीनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य
सत्संग से बदल जाता है जीवन, मिलती है भगवान की कृपा: देवकीनंदन महाराज
मथुरा, 01 अगस्त(हि.स.)। वृन्दावन प्रियाकान्तजु मंदिर पर चल रहे पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं महाशिवपुराण कथा में शनिवार काे उत्तर प्रदेश सरकार की कैबीनेट मंत्री महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेबीरानी मौर्य पहुंची और कथा श्रवण की। देवकीनंदन महाराज ने कथा क्रम में बिन्दुक और चंचुला की कथा प्रसंग का वर्णन सुनाया। आयोजन के तृतीय दिवस पर 2 लाख 51 हजार पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर विधि विधान से उनका अभिषेक किया गया।
आयोजन में शामिल होने पहुँची कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मोर्य ने व्यासपीठ पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में ब्रज में शिव अराधना का अवसर मिला यह सौभाग्य की बात है। शिव स्वंय विष ग्रहण कर सभी का भला करते हैं। शिव की कथाओं का सार मानव मात्र को शांतिपूर्ण एवं आध्यात्मिक जीवन जीने की प्रेरणा देता है। महाशिवपुराण श्रवण कराते हुये
देवकीनंदन महाराज ने कहा कि सत्संग मनुष्य के जीवन का सबसे बड़ा परिवर्तनकारी साधन है। मनुष्य कितना भी पापी या अधर्म के मार्ग पर क्यों न चला गया हो, यदि वह सच्चे मन से पश्चाताप करे, सत्संग का आश्रय ले और भगवान की भक्ति में लग जाए, तो उसका जीवन बदल सकता है। बिन्दुक-चंचुला कथा प्रसंग में उन्होने कहा कि जब व्यक्ति संतों के श्रीमुख से भगवान की कथा, भजन और धर्म का उपदेश सुनता है, तो उसके भीतर छिपा हुआ विवेक जागृत होता है। धीरे-धीरे उसके विचार, व्यवहार और जीवन की दिशा बदलने लगती है। जहाँ सत्संग होता है, वहाँ भगवान की कृपा अवश्य बरसती है। हरिद्वार के संत स्वामी रूपेन्द्र प्रकाश शर्मा, सत्य भूषण जैन, एसपीएल सैकेट्री योगेश शर्मा, दिव्य वरदान डायरेक्टर मनमोहन शर्मा एवं मुख्य यजमान ने व्यासपीठ पूजन कर आशीर्वाद ग्रहण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

