home page

मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर नेपाली तीर्थयात्रियों की बस रोडवेज से टकराई, 35 से अधिक तीर्थयात्री घायल

 | 
मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर नेपाली तीर्थयात्रियों की बस रोडवेज से टकराई, 35 से अधिक तीर्थयात्री घायल


मुरादाबाद, 02 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद-हरिद्वार स्टेट हाईवे पर मंगलवार देर रात्रि हरिद्वार से लौट रहे नेपाली तीर्थयात्रियों की एक निजी बस रोडवेज बस से टकरा गई। इस हादसे में नेपाल के 35 से अधिक तीर्थयात्री घायल हो गए, जिनमें बस चालक समेत 10 की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया है।

मुरादाबाद महानगर के थाना कांठ क्षेत्र के अंतर्गत गढ़ी गांव के अड्डे के पास भयानक हादसा हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल के तीर्थयात्रियों से भरी निजी बस हरिद्वार से दर्शन कर लौट रही थी। इसी दौरान आगे चल रही मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि तीर्थयात्रियों की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी एक कोठरी में जा घुसी। हादसे में दोनों बसें पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। हादसे के बाद यात्रियों में हाहाकार मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम एंबुलेंस और पुलिस वाहनों के साथ मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

पुलिस अधीक्षक देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि सभी घायल तीर्थयात्रियों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांठ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बस चालक समेत 10 गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल व निजी अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि बस में करीब 60 लोग सवार थे, जो सभी उत्तर प्रदेश के सोनौली बॉर्डर से सटे नेपाल के नवलपरासी (नवलपरासी) और रूपन्देही जिलों के निवासी हैं। यह जत्था बीती 19 अगस्त को नेपाल से बस द्वारा तीर्थयात्रा के लिए निकला था।

सीएससी में उपचार करा रहे घायल यात्रियों ने बताया कि वह सभी वैष्णो देवी और महाकालेश्वर समेत देश के कई प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए हरिद्वार पहुंचे थे। हरिद्वार से लौटकर अब उन्हें अयोध्या में रामलला के दर्शन करने जाना था। अयोध्या में दर्शन के बाद उनकी योजना 3 सितंबर को वापस नेपाल पहुंचने की थी, लेकिन बीच रास्ते में ही यह हादसा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है ।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल