पृथक बुंदेलखंड राज्य के लिए 6 मार्च से शुरू होगी गांव-गांव, पांव-पांव पदयात्रा
बांदा में यात्रा की शुरुआत 6 मार्च को राजा बुंदेला और जयराम सिंह बछेउरा संयुक्त रूप से करेंगे।
बांदा, 02 मार्च (हि.स.)। पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर ललितपुर से शुरू हुई गांव-गांव, पांव-पांव पदयात्रा अब होली के बाद उत्तर प्रदेश
के बांदा जिले में शुरू होगी। ललितपुर में यात्रा की शुरुआत बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा के सिने अभिनेता राजा बुंदेला ने 2024 में की थी। बांदा में यात्रा की शुरुआत 6 मार्च को राजा बुंदेला और जयराम सिंह बछेउरा संयुक्त रूप से करेंगे। यह जानकारी साेमवार काे यात्रा के सह नेतृत्वकर्ता जयराम सिंह ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी।
उन्हाेंने बताया कि बुंदेलखंड की धरती को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच प्रशासनिक उपेक्षा से मुक्त कराकर स्थानीय संसाधनों पर यहां के निवासियों का संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित करने और और युवाओं के पलायन को रोकने के उद्देश्य से बुंदेलखंड राज्य बनना जरूरी हो गया है। इसके लिए बुंदेलखंड के सभी जनपदों में जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। गांव-गांव, पांव-पांव पदयात्रा ललितपुर से शुरू हुई थी। सभी जनपदों से होते हुए अब पदयात्रा बांदा में शुरू होने जा रही है। इसकी शुरुआत 6 मार्च को केपी पैलेस जसपुरा से होगी। 7 मार्च को तिंदवारी में जन संवाद एवं चौपाल होगा। 8 मार्च को ब्लॉक स्तरीय सभा बबेरू में होगी। 9 मार्च को कमासिन में ग्रामीण संपर्क अभियान, 10 मार्च को ओरन बिसंडा में जन जागरूकता रैली होगी। 11 मार्च को महुआ में स्थानीय समस्याओं पर चर्चा होगी। 12 मार्च को नगरपालिका अतर्रा में व्यापारी एवं बुद्धिजीवी सम्मेलन होगा। 13 मार्च को नरैनी ब्लॉक में जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। 14 मार्च को बड़ोखर खुर्द से यात्रा बांदा शहर की ओर प्रस्थान करेगी और 15 मार्च को यह यात्रा रामलीला मैदान बांदा में समाप्त होगी। यहीं पर संकल्प सभा होगी।
प्रेस वार्ता में नीरज निगम और दीनदयाल सोनी ने संयुक्त रूप से कहा कि अब बुंदेलखंड की जनता और अधिक प्रतीक्षा नहीं करेगी। यह गांव-गांव, पांव-पांव पदयात्रा बांदा के सभी आठ ब्लाकों, नगर पंचायत और दोनों नगर पालिकाओं के हर घर तक पृथक राज्य का संदेश पहुंचाएगी। जसपुरा की पावन धरा से शुरू होकर यह यात्रा 15 मार्च को बांदा के रामलीला मैदान में समाप्त होगी। यह यात्रा अंतिम दिन जन सैलाब का रूप लेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

