home page

सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत, लोडर चालक पुलिस हिरासत में

 | 
सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत, लोडर चालक पुलिस हिरासत में


कानपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में बुलेट सवार युवक की मौत हो गई। हादसा चितल्स स्कूल के पास हुआ, जहां सामने से आ रहे एक लोडर और बुलेट की आमने-सामने टक्कर हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान न्यू आजाद नगर, कल्याणपुर निवासी आकाश भाटिया (28) के रूप में हुई है। वह मॉड्यूलर किचन और इंटीरियर डेकोरेशन का काम करते थे। शनिवार को किसी काम से बिधूर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बुलेट काफी दूर जा गिरी और युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने बताया कि आकाश परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार का कहना है कि पिता के निधन के बाद आकाश ही पूरे परिवार का सहारा थे।

बिधूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि दुर्घटना के बाद लोडर चालक देवेश गौतम को हिरासत में ले लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप