home page

संभल : कब्रिस्तान और ग्राम समाज की जमीन पर बनी मस्जिद पर चला बुलडोजर, डीएम-एसपी रहे मौजूद

 | 
संभल : कब्रिस्तान और ग्राम समाज की जमीन पर बनी मस्जिद पर चला बुलडोजर, डीएम-एसपी रहे मौजूद


संभल : कब्रिस्तान और ग्राम समाज की जमीन पर बनी मस्जिद पर चला बुलडोजर, डीएम-एसपी रहे मौजूद


संभल, 06 जून (हि.स.)। जनपद संभल के नखासा थाना क्षेत्र के ग्राम कसेरुआ में कब्रिस्तान और ग्राम समाज की जमीन पर अवैध रूप से निर्मित मुस्तफा कादरी मस्जिद पर शनिवार को प्रशासन का बुलडोजर चल गया। हालांकि इससे पहले शुक्रवार को हटाने का आदेश तहसीलदार न्यायालय द्वारा जारी किया था। इस कार्य के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था जिसमें नायब तहसीलदार दीपक जुरैल को टीम का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

कसेरुआ गांव में गाटा संख्या 409 जो की कब्रिस्तान की भूमि है जिस पर 280 वर्ग मीटर में मस्जिद निर्मित है प्रशासन का कहना है कि कब्रिस्तान की भूमि पर मस्जिद का निर्माण कानूनी और धार्मिक दोनों ही दृष्टिकोण से गलत है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भी कब्रिस्तान की जमीन पर मस्जिद नहीं बनाई जा सकती। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत कई थानों की फोर्स को मौके पर तैनात किया गया तथा दो बटालियन पीएसी भी मौके पर मौजूद रही।

इस विषय में जानकारी देते हुए नसरीन नामक युवती ने रोते हुए कहा कि यह एकतरफा आदेश हुआ है। मस्जिद का हमारा एक प्वाइंट भी नहीं सुना गया है। यह मस्जिद 1980 से वक्फ बोर्ड में दर्ज है, हमारी कहीं नहीं सुनी गई। तहसीलदार ने भी नहीं सुना। उन्होंने ही यह आदेश दिया है, कोई भी फर्जी कागजात नहीं है। रो इसी वजह से रही हूं कि हमारी मस्जिद जा रही है हमारे दादा परदादा ने नमाज पढ़ी है यह कब्रिस्तान भी तो हमारा ही

है।

इस विषय में जानकारी देते हुए जिलाधिकारी संभल अंकित खंडेलवाल ने बताया कि संभल तहसील के गांव कसेरूमें कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत थी जिसका नियमानुसार वाद दर्ज करने के बाद तहसीलदार की कोर्ट में निर्णय के बाद उसकी अपील जिला अधिकारी के कोर्ट में दाखिल की गई वहां साक्ष्य देने का अवसर दिया गया किंतु इनके द्वारा कोई साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया जिसके चलते 1200 वर्ग मीटर के अवैध कब्जे को आज हटाया जा रहा है।

वहीं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि जिला प्रशासन ओर पुलिस के द्वारा आज गांव कसेरउ में अवैध कब्जा हटाने की मुहिम चल रही है। उसमें आज एक मस्जिद जो कि कब्रिस्तान की जमीन पर बनी हुई है उसका न्यायिक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद ध्वस्त किया जा रहा है। यहां पर तीन थानों का फोर्स, सीओ असमोली ओर अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं। मस्जिद जब ध्वस्त की जा रही थी तो उसमें आई लव मोहम्मद और विभिन्न प्रकार के पोस्टर भी मिले हैं इसकी जानकारी प्राप्त की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar