home page

कानपुर में 24 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, दो अरब से भी ज्यादा रुपये की जमीन कब्जामुक्त

 | 
कानपुर में 24 बीघा अवैध प्लॉटिंग पर चला बुलडोजर, दो अरब से भी ज्यादा रुपये की जमीन कब्जामुक्त


कानपुर, 30 मई (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग और कब्जों को शनिवार को ध्वस्त कर दिया। लगभग सात घंटे तक चली कार्रवाई में एक अरब दो करोड़ छियालिस लाख तीस हजार की मूल्य की 49,630 वर्गमीटर भूमि कब्जामुक्त कराई गई। चार जेसीबी मशीनों की मदद से घण्टों लगकर अवैध निर्माण, बाउंड्रीवाल, सड़क, नाला, बिजली के खंभे, प्रवेश द्वार, सीवर लाइन और निर्माणाधीन भवनों को ध्वस्त किया गया।

केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पांडेय के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में प्रवर्तन, भूमि बैंक और अभियंत्रण खंड की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान अनूप तिवारी व अन्य लोगों द्वारा मौजा अहिरवां में लगभग 12 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा मनोज पंडित व अन्य तथा उदयवीर व अन्य लोगों ने प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया। अजय व अन्य के खिलाफ गणेशपुर रोड क्षेत्र में और आयुष व अन्य के खिलाफ किदवई नगर योजना के भूखंड पर की गई अवैध कब्जेदारी के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही तीन अज्ञात कब्जेदारों ने कुल लगभग 11 बीघा क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लॉटिंग और कब्जों को भी ध्वस्त किया गया। इनमें सजारी क्षेत्र में लगभग पांच बीघा, अलकनंदा योजना के निकट लगभग छह बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग तथा कुलगांव क्षेत्र में प्राधिकरण की भूमि पर किया गया अवैध कब्जा शामिल है।

केडीए के अनुसार कब्जामुक्त कराई गई भूमि में अहिरवां की 24,590 वर्गमीटर, सजारी की 22,540 वर्गमीटर, देहली सुजानपुर की 500 वर्गमीटर, कुलगांव की 1,300 वर्गमीटर तथा बैरी अकबरपुर कछार की 700 वर्गमीटर भूमि शामिल है। इन सभी भूमि का कुल अनुमानित मूल्य एक अरब दो करोड़ छियालिस लाख तीस हजार रुपये आंका गया है।

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि बिना मानचित्र स्वीकृति और प्राधिकरण की अनुमति के अवैध प्लॉटिंग तथा निर्माण कार्य किए जा रहे थे। शिकायत और निरीक्षण के बाद नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

अभियान के दौरान केडीए के अभियंताओं, कर्मचारियों और संबंधित थानों की पुलिस मौजूद रही। प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि प्राधिकरण की अर्जित, ग्राम समाज और सीलिंग की भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा, खरीद-फरोख्त या अन्य अवैध गतिविधि न करें। अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप