बुलंदशहर सड़क हादसा बाइक व कार की टक्कर में महिला की मौत, युवक घायल
बुलंदशहर , 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बुलंदशहर के गुलावठी सिकंदराबाद मार्ग पर बुधवार दाेपहर ग्राम देवली के निकट कार और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार महिला की मौत हो गई जबकि बाइक चालक युवक घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने कार और चालक नूर अहमद को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दाेपहर ग्राम कुरली निवासी जरीना (55 वर्ष) अपने पुत्र मोहम्मद सादिक के साथ बाइक पर अपने गांव कुरली जा रही थी। ग्राम देवली के निकट तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी जिससे जरीना की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक चालक उसका पुत्र सादिक (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और गंभीर रूप से घायल सादिक को अस्पताल में भर्ती कराया। इस मामले में थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि ओवरटेक करने के कारण हादसा हुआ है। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि घायल युवक को अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Pawan Sharma

