home page

प्रकृति और संस्कृति के समन्वय से ही विकसित भारत का निर्माण संभव : प्रो. भरत राज सिंह

 | 
प्रकृति और संस्कृति के समन्वय से ही विकसित भारत का निर्माण संभव : प्रो. भरत राज सिंह


प्रकृति और संस्कृति के समन्वय से ही विकसित भारत का निर्माण संभव : प्रो. भरत राज सिंह


लखनऊ, 19 नवंबर (हि.स.)। भारत के विकास की परिकल्पना में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और सांस्कृतिक विरासत को समान महत्व देना जरूरी है। विकास केवल आर्थिक वृद्धि तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जल, जंगल, जमीन और जन के बीच संतुलन स्थापित करना भी इसकी प्राथमिकता होनी चाहिए।

यह बातें पुस्तक ‘प्रकृति और संस्कृति से विकसित भारत की परिकल्पना’ के लेखक प्रो. (डॉ.) भरत राज सिंह ने कहीं। लखनऊ में प्रकाशित इस पुस्तक में भारत की प्राकृतिक विविधता, सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक विज्ञान को एक साथ जोड़कर विकास का नया दृष्टिकोण प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक में भारत को समझने के लिए 15 कृषि-जलवायवीय क्षेत्र, 50 भौगोलिक-भौतिक इकाइयों और 86 भू-सांस्कृतिक क्षेत्रों का तीन स्तरीय अध्ययन मॉडल दिया गया है। इसके माध्यम से प्राकृतिक संरचना, स्थानीय भाषा, खानपान, कृषि पद्धति, आजीविका और लोकपरंपराओं के आपसी संबंधों को समझाया गया है। यह मौजूदा प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव का प्रस्ताव नहीं, बल्कि अध्ययन और नियोजन का पूरक दृष्टिकोण है।

पुस्तक में धरती माता एवं भू-विज्ञान, जल-विज्ञान, खेती और संस्कृति, स्थानीय अर्थव्यवस्था, पारिस्थितिकी एवं जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन तथा सांस्कृतिक परंपराओं को सात प्रमुख आयामों में शामिल किया गया है। इसमें जल संरक्षण के क्षेत्र में जलपुरुष डॉ. राजेंद्र सिंह के अनुभवों और राजस्थान के अलवर में तरुण भारत संघ के प्रयासों का भी उल्लेख है। पारंपरिक जल ज्ञान के साथ जीआईएस, रिमोट सेंसिंग, उपग्रह आधारित अध्ययन और डिजिटल मानचित्रण के उपयोग पर जोर दिया गया है।

पुस्तक के चार लेखक डॉ. राजेंद्र सिंह, प्रो. (डॉ.) भरत राज सिंह, डॉ. इंदिरा खुराना और प्रो. (डॉ.) राणा प्रताप सिंह हैं। इसकी वैचारिक पृष्ठभूमि में नवंबर 2025 में भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी, नई दिल्ली में आयोजित विचार-मंथन और सितंबर 2026 में हरिजन सेवक संघ, नई दिल्ली में हुई भू-सांस्कृतिक विचार-गोष्ठी का योगदान रहा है।

पुस्तक यूपीएससी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के साथ विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधकर्ताओं और नीति-निर्माताओं के लिए उपयोगी पूरक संदर्भ सामग्री है। इसका प्रकाशन नैटल्स पब्लिकेशन, नई दिल्ली ने किया है। प्रथम संस्करण नवंबर 2026 में प्रकाशित हुआ है। पुस्तक का मूल्य 399 रुपये है और यह अमेजन, किंडल, फ्लिपकार्ट सहित अन्य माध्यमों पर उपलब्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप