home page

771 लाभार्थियों के लिए 154.20 लाख का बजट आवंटित

 | 
771 लाभार्थियों के लिए 154.20 लाख का बजट आवंटित


पिछड़ा वर्ग शादी अनुदान के तहत पात्र परिवारों को मिलेगा 20 हजार का अनुदान

हमीरपुर, 23 जून (हि.स.)। अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक समुदाय को छोड़कर) के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पुत्रियों के विवाह में सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित शादी अनुदान योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले को 771 लाभार्थियों के लिए 154.20 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है।

जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अमित सोनकर ने मंगलवार को बताया कि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को पुत्री के विवाह के लिए 20 हजार की अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक को विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन पूर्ण करने के उपरांत समस्त आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन पत्र संबंधित उप जिलाधिकारी अथवा खंड विकास अधिकारी कार्यालय में सात दिवस के भीतर जमा करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन विवाह की तिथि से 90 दिन पूर्व अथवा विवाह की तिथि के 90 दिन बाद तक किया जा सकता है। योजना का लाभ केवल अन्य पिछड़ा वर्ग (अल्पसंख्यक वर्ग को छोड़कर) के ऐसे निर्धन परिवारों को मिलेगा, जिनकी वार्षिक आय ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र दोनों में 01 लाख से अधिक न हो। आवेदन के साथ तहसीलदार द्वारा निर्गत आय एवं जाति प्रमाण पत्र, विवाह कार्ड, वर एवं वधु के आधार कार्ड अथवा आयु प्रमाण पत्र, आवेदक का आधार कार्ड एवं बैंक पासबुक की प्रति संलग्न करना आवश्यक है। पिता की मृत्यु की स्थिति में माता का आय एवं जाति प्रमाण पत्र मान्य होगा। विवाह कार्ड पर ग्राम प्रधान अथवा सभासद का प्रमाणन भी आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा