home page

बुवि : खेल अधिकारी की लापरवाही से छात्रा खिलाड़ियों की छूटी ट्रेन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सहभागिता पर संकट

 | 
बुवि : खेल अधिकारी की लापरवाही से छात्रा खिलाड़ियों की छूटी ट्रेन, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सहभागिता पर संकट


भावुक रस्साकशी खिलाड़ी छात्राओं ने मीडिया को सुनाई आपबीती

कहा - नेशनल नहीं खेलने देना चाहते हैं अधिकारी, बने अवरोधक

झांसी, 03 अप्रैल (हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति व कुलसचिव के लाख प्रयासों के बाद खेल अधिकारी सूरज कंसाना की लापरवाही के चलते अतर्रा पीजी कॉलेज की रस्साकशी महिला टीम की ट्रेन छूट गई। यह टीम 7 अप्रैल 2026 से केरल के कालीकट में आयोजित ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही थी। इस बात से आक्रोशित पूरी टीम ने प्रेसवार्ता कर खेल अधिकारी से लेकर आयोजक महाविद्यालय प्रशासन तक की पोल खोल दी।

प्रेस वार्ता में मनस्वी पाठक व खुशी शुक्ला ने बताया कि 12 मार्च 2026 को आर.पी.कॉलेज बरुआसागर,झांसी में आयोजित अंतर महाविद्यालय प्रतियोगिता में अतर्रा पीजी कॉलेज की टीम विजेता बनी थी और राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित हुई थी। नियमानुसार विजेता टीम को आगे भेजने की जिम्मेदारी संबंधित कॉलेज की होती है,लेकिन आर.पी. कॉलेज प्रशासन ने इससे इंकार कर दिया। आरोप है कि कॉलेज ने अपनी खो-खो टीम को हरियाणा भेज दिया, जबकि रस्साकशी टीम की अनदेखी की गई।

छात्राओं ने आरोप लगाया कि उनसे टीम में अन्य खिलाड़ियों को शामिल करने का दबाव बनाया गया, जिसे कोच ने नियमों के विरुद्ध बताते हुए अस्वीकार कर दिया। इसके बाद छात्राओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। कुलपति के निर्देश के बावजूद खेल अधिकारी द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं की गई। 2 अप्रैल को टीम से स्वयं खर्च उठाने की शर्त रख दी गई, जिससे छात्राएं मानसिक रूप से परेशान हो गईं।

3 अप्रैल को आईडी कार्ड वितरण में देरी और प्रक्रियात्मक अड़चनों के चलते टीम की ट्रेन छूट गई। छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि खेल किट वितरण में अनियमितता बरती गई और जूतों का वितरण नहीं किया गया।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झांसी महानगर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए छात्राओं को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। संगठन ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और टीम को प्रतियोगिता में भेजने के प्रयास जारी हैं।

प्रेसवार्ता में ज्योति देवी,बीना,रेशमा,मंजू,स्नेहा,गुड़िया,फूल,अन्तिमा व कोच राहुल आदि उपस्थित रहे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया