home page

बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में 01 मेगावाट सोलर प्लांट का लोकार्पण, करीब एक कराेड़ रुपये की हाेगी बचत

 | 
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में 01 मेगावाट सोलर प्लांट का लोकार्पण, करीब एक कराेड़ रुपये की हाेगी बचत


झांसी, 02 अप्रैल (हि.स.)। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में 01 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण कुलपति प्रो. मुकेश पांडेय द्वारा किया गया। यह परियोजना भारत सरकार की ग्रीन एनर्जी नीतियों के अनुरूप स्थापित की गई है।

इस सोलर प्लांट से प्रतिमाह लगभग 1.20 लाख यूनिट बिजली उत्पादन होगा, जिससे विश्वविद्यालय को प्रति वर्ष करीब एक करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है। वर्तमान में जहां विद्युत दर 9 से 10 रुपये प्रति यूनिट है, वहीं सौर ऊर्जा से यह लागत घटकर लगभग 4.85 रुपये प्रति यूनिट रह जाएगी। परियोजना से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। अनुमान है कि इससे प्रतिवर्ष 11 लाख किलोग्राम से अधिक कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी।

कुलपति ने इसे विश्वविद्यालय के लिए मितव्ययता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। वित्त अधिकारी पी.के. सिंह ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे आर्थिक दृष्टि से लाभकारी बताया।

संपत्ति अधिकारी प्रो. सौरभ श्रीवास्तव ने प्लांट की कार्यप्रणाली और लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट मैनेजर पी.के. शर्मा सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया