home page

तकनीकी खराबी से बीएसएफ भर्ती की परीक्षा 18 सितंबर को होगी दोबारा

 | 
तकनीकी खराबी से बीएसएफ भर्ती की परीक्षा 18 सितंबर को होगी दोबारा


कानपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले के चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामनगर स्थित एमडी इंफोटेक सेंटर में बुधवार को बीएसएफ हेड कांस्टेबल मिनिस्ट्रियल भर्ती परीक्षा के दौरान कंप्यूटर सिस्टम में खराबी आ गई। परीक्षा शुरू होने के 10-15 मिनट बाद कई कंप्यूटर बंद हो गए। समस्या दूर नहीं होने पर अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद केंद्र की तीनों पालियों की परीक्षा रद्द हुई।

एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण अभ्यर्थियों को परेशानी हुई। मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाया गया और उच्चाधिकारियों से बातचीत के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया। अब 18 सितंबर को परीक्षा दोबारा होगी। केंद्र पर 500 अभ्यर्थियों की तीन पालियों में परीक्षा होनी थी। अभ्यर्थियों के अनुसार, सुबह 7:30 बजे प्रवेश होना था, लेकिन 8:30 बजे प्रवेश शुरू हुआ। बारिश के कारण कुछ अभ्यर्थी भीग गए। परीक्षा शुरू होने के बाद सिस्टम बंद होने लगे।

बिहार के भोजपुर निवासी शिव प्रकाश कुमार ने बताया कि पांच घंटे की यात्रा कर वह केंद्र पहुंचे थे। परीक्षा शुरू होने के 10-15 मिनट बाद उनका सिस्टम बंद हो गया। गोरखपुर निवासी अमरजीत यादव ने भी प्रवेश में देरी का आरोप लगाया। बीएसएफ में 1,752 पदों पर भर्ती के लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप