home page

बीएसए के निरीक्षण में खुली स्कूलों की पोल, एक विद्यालय के पूरे स्टाफ का वेतन-मानदेय रोका

 | 
बीएसए के निरीक्षण में खुली स्कूलों की पोल, एक विद्यालय के पूरे स्टाफ का वेतन-मानदेय रोका


जौनपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने मंगलवार को विकासखंड सिरकोनी के चार परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, शौचालय, जलभराव, शिक्षण व्यवस्था और मध्याह्न भोजन में कई खामियां मिलीं। गंभीर लापरवाही पर प्राथमिक विद्यालय कुड़वा परियावां के प्रधानाध्यापक सहित पूरे स्टाफ का सितंबर 2026 का वेतन एवं मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया।

बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय कुद्दूपुर प्रथम, प्राथमिक विद्यालय सैदाबाद, प्राथमिक विद्यालय कुड़वा परियावां और कंपोजिट विद्यालय परियावां में छात्र उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था, निपुण भारत मिशन, डीबीटी, मध्याह्न भोजन और विभिन्न योजनाओं की स्थिति परखी।कुड़वा परियावां में मिली गंभीर खामियांप्राथमिक विद्यालय कुड़वा परियावां में 91 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 67 उपस्थित मिले। परिसर में गंदगी और शौचालयों में सफाई का अभाव मिला। मध्याह्न भोजन के दौरान बच्चे अव्यवस्थित बैठे थे और शिक्षकों की निगरानी भी संतोषजनक नहीं मिली। कक्षा पांच के बच्चे हिंदी और अंग्रेजी के पाठ का संतोषजनक वाचन नहीं कर सके। इसे गंभीरता से लेते हुए बीएसए ने पूरे स्टाफ का वेतन-मानदेय रोकने के निर्देश दिए।

अन्य विद्यालयों में भी मिली कमियांकुद्दूपुर प्रथम में 148 में से 107 बच्चे उपस्थित मिले। निपुण भारत के पोस्टर नहीं लगे थे और चहारदीवारी का अभाव मिला। जर्जर कमरों में बच्चों को न बैठाने के निर्देश दिए गए।सैदाबाद में 126 में से 79 बच्चे उपस्थित मिले। प्रधानाध्यापक आकस्मिक अवकाश पर थे। परिसर और शौचालय गंदे मिले तथा जलभराव की समस्या भी सामने आई।कंपोजिट विद्यालय परियावां में 277 में से 126 बच्चे उपस्थित मिले। स्मार्ट क्लास संचालित मिली, लेकिन परिसर में जलभराव और रंगाई-पुताई का अभाव पाया गया।

बीएसए ने संबंधित प्रधानाध्यापकों को सात दिनों में कमियां दूर कर फोटो सहित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी सिरकोनी को एक सप्ताह में कार्रवाई आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव