बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल का औचक निरीक्षण, बच्चों संग बैठकर खाया मिड-डे मील
जौनपुर,09 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने शनिवार को जनपद के विभिन्न विकासखंडों में स्थित प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, साफ-सफाई, मिड-डे मील व्यवस्था तथा छात्रों की उपस्थिति का जायजा लिया। कई विद्यालयों में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि कुछ स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।धर्मापुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय शीतला चौकिया में शिक्षामित्र के अतिरिक्त सभी शिक्षक उपस्थित मिले, लेकिन सुबह 7:50 बजे तक मात्र 14 छात्र उपस्थित पाए गए। कम उपस्थिति पर प्रधानाध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं विद्यालय परिसर और किचन की बेहतर साफ-सफाई के लिए रसोइया को पुरस्कृत किया गया। अनुपस्थित शिक्षामित्र का मानदेय अग्रिम आदेश तक रोक दिया गया।करंजाकला के प्राथमिक विद्यालय सिद्दीकपुर में सभी शिक्षक उपस्थित मिले तथा शैक्षणिक गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई। वहीं प्राथमिक विद्यालय खानपुर अकबर में विद्यालय परिसर अत्यंत गंदा मिला और जलभराव की समस्या सामने आई। बीएसए ने तत्काल नगर पालिका अधिकारियों से वार्ता कर सुधार के निर्देश दिए, जिस पर एक माह में कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया गया।शाहगंज विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय तरसांवा में बच्चे अव्यवस्थित ढंग से मिड-डे मील ग्रहण करते मिले और कोई शिक्षक मौजूद नहीं था। इस पर नाराजगी जताते हुए बीएसए स्वयं बच्चों के साथ बरामदे में बैठकर भोजन किया। मिड-डे मील की गुणवत्ता खराब मिलने पर प्रधानाध्यापक समेत पूरे स्टाफ का वेतन रोकते हुए नोटिस जारी किया गया।कंपोजिट विद्यालय सिद्दीकपुर में शैक्षणिक गुणवत्ता अच्छी मिलने पर कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं आरुषि और विशेष को गणित में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

