नगर निगम के जल निकासी के दावों की निकली हवा, दो घंटे की बारिश में पानी से लबालब हुई पीतल नगरी
मुरादाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद में गुरुवार शाम को दो घंटे की मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर नगर निगम की तैयारी की पोल खोल दी। प्रमुख बाजारों की सड़कें हों या पाश कॉलोनियों की हो, गली मोहल्लों की भांति वह भी तालाब में बदल गई। नगर निगम द्वारा नाले नालियों की सफाई और जल निकासी के दावों की हवा निकली गई।
तीन दिन लगातार बारिश के बाद गुरूवार की इस बारिश से मुरादाबाद का न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञ प्रो. एके सिंह के अनुसार, आने वाले मंगलवार तक मुरादाबाद में बारिश का रेड अलर्ट है। इसके अगले दिन बुधवार से मौसम साफ होने की उम्मीद है।
आज दोपहर मुरादाबाद में बादल छाए हुए थे लेकिन उमस भरी गर्मी और हवा न चलने के कारण लोग बेहाल थे। दोपहर तीन बजे अचानक आसमान में काले बादल छा गए और देखते ही देखते शाम चार शुरू हुई बूंदाबांदी धीरे-धीरे तेज मूसलाधार बारिश में तब्दील हो गई। शाम छह बजे तक दो घंटे की झमाझम बारिश ने जहां उमस भरी गर्मी से छुटकारा दे दिया, वहीं इस बारिश से पीतलनगरी जलमग्न हो गई। आवास विकास की बुद्धि विहार कॉलोनी मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की रामगंगा विहार, दीनदयाल नगर, नवीन नगर कॉलोनियों के साथ कटघर, बुध बाजार, अशोक नगर, प्रभात मार्केट, जीएमडी रोड, भोलनाथ कॉलोनी, लाइनपार बांग्ला गांव, चक्कर की मिलक, नवाबपुरा, असालतपुरा, लाजपतनगर, गांधीनगर आदि कई मोहल्ले बारिश के पानी से लबालब हो गए जिससे आवागमन काफी प्रभावित हो गया।
महापौर विनोद अग्रवाल ने बताया कि मानसून आने से पूर्व नगर निगम द्वारा महानगर व सभी वार्डों में नाले नालियों की तड़ी झाड़ सफाई कराई गई थी। गुरुवार को भी नगर निगम कंट्रोल रूम में जहां से भी जल विभाग की सूचना आई वहां नगर निगम की टीम ने पहुंचकर तुरंत सफाई अभियान चलाकर जल निकासी के प्रबंध किए।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

