ब्रजरज उत्सव 2026 में छाया स्वदेशी का जादू, ओडीओपी और खादी उत्पादों पर उमड़ रही भारी भीड़
मथुरा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। कान्हा की नगरी में भव्य रूप से आयोजित ब्रजरज उत्सव 2026 में इन दिनों स्वदेशी उत्पादों, एक जिला एक उत्पाद और खादी-ग्रामोद्योग के स्टॉलों पर पर्यटकों व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित इस मेले में पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक डिजाइन का बेहतरीन मेल देखने को मिल रहा है, जो वोकल फॉर लोकल के संदेश को मजबूत कर रहा है। जिसका अवलोकन बुधवार काे कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी एवं सांसद हेमा मालिनी ने किया।
मेले में आगरा के चमड़े के सामान, फिरोजाबाद की कांच की चूड़ियां, वाराणसी की सिल्क साड़ियां, लखनऊ की चिकनकारी, कन्नौज का इत्र, मथुरा की पोशाक व कंठी माला, मुजफ्फरनगर का गुड़ और अलीगढ़ के ब्रास उत्पादों सहित विभिन्न जनपदों की कलाकृतियों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
उत्तर प्रदेश खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा लगाए गए 21 स्टॉलों पर पारंपरिक खादी के साथ-साथ युवाओं की पसंद के अनुकूल आधुनिक डिजाइन के इको-फ्रेंडली परिधान उपलब्ध हैं। एक जिला एक व्यंजन योजना के तहत मथुरा के मशहूर पेड़े और अन्य पारंपरिक व्यंजनों का पर्यटक जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अनिल कुमार और उपायुक्त उद्योग चंद्रभान सिंह ने बताया कि इन मेलों और स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को एक बड़ा मंच और बाजार मिल रहा है, जिससे स्वदेशी उत्पादों को वैश्विक पहचान मिलने के साथ आत्मनिर्भर भारत का सपना साकार हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

