home page

सीतापुर के सिधौली सीएचसी में अचानक पैदल पहुंचे ब्रजेश पाठक, खामियों को देख जिम्मेदारों को कड़ी फटकार

 | 
सीतापुर के सिधौली सीएचसी में अचानक पैदल पहुंचे ब्रजेश पाठक, खामियों को देख जिम्मेदारों को कड़ी फटकार


सीतापुर के सिधौली सीएचसी में अचानक पैदल पहुंचे ब्रजेश पाठक, खामियों को देख जिम्मेदारों को कड़ी फटकार


सीतापुर के सिधौली सीएचसी में अचानक पैदल पहुंचे ब्रजेश पाठक, खामियों को देख जिम्मेदारों को कड़ी फटकार


सीतापुर, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मंगलवार को सिधौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोल दी। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे डिप्टी सीएम को देखते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया और स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सबसे पहले डिप्टी सीएम सीधे पर्चा काउंटर पहुंचे, जहां वे खुद लाइन में खड़े हो गए और मरीजों से बातचीत कर जमीनी हकीकत जानी। करीब 45 मिनट तक चले निरीक्षण में उन्हें कई गंभीर खामियां मिलीं, जिस पर उन्होंने सख्त नाराजगी जताई।

वार्ड में मरीजों के बेड पर गंदी और खून के दाग वाली चादरें मिलने पर ब्रजेश पाठक का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद सीएचसी अधीक्षक डॉ. आनंद सिंह को जमकर फटकार लगाई और तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए उन्होंने लांड्री संचालक और आउटसोर्सिंग पर तैनात सफाईकर्मियों का एक माह का वेतन काटने के आदेश दिए।

निरीक्षण के दौरान एक संविदाकर्मी क्लीनर की लापरवाही सामने आने पर उसका भी एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। डिप्टी सीएम ने साफ कहा कि मरीजों को स्वच्छ वातावरण देना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यहीं नहीं, अस्पताल का एक्स-रे रूम बंद मिलने पर भी उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। पूछताछ में टेक्नीशियन ने बताया कि जनरेटर नहीं चल रहा, जिसके चलते एक्स-रे सेवा बाधित है। इस पर डिप्टी सीएम ने अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की बात कही।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और तीमारदारों से भी सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।

बताया जाता है कि डिप्टी सीएम ने सीओ कार्यालय के पास सरकारी वाहन रुकवाकर पैदल ही सीएचसी पहुंचकर निरीक्षण किया, जिससे प्रशासन पूरी तरह अचंभित रह गया। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और स्थानीय प्रशासन को व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम राखी वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री के निरिक्षण के सम्बंध में सीतापुर सीएमओ सुरेश कुमार से प्रतिक्रिया जानने का प्रयास किया गया तो उनका मोबाइल नहीं उठा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma