home page

जेपी के आदर्शों का सम्मान करें अखिलेश यादव:  ब्रजेश पाठक

 | 
जेपी के आदर्शों का सम्मान करें अखिलेश यादव:  ब्रजेश पाठक


लखनऊ, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर रविवार को उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्ष, विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण को याद किया। इस अवसर पर उन्होंने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए जेपीएनआईसी के नाम पर कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग की।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण समाजवादी विचारधारा, लोकतांत्रिक मूल्यों और भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष के प्रतीक रहे हैं। उनके नाम का राजनीतिक लाभ उठाने वालों को उनके आदर्शों और सिद्धांतों का भी सम्मान करना चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल करते हुए कहा कि जेपीएनआईसी के नाम पर हुए कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर वे जनता को क्या जवाब देंगे? क्या लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का नाम केवल राजनीतिक स्वार्थ साधने के लिए इस्तेमाल किया जाएगा?

श्री पाठक ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि महान जननायक जयप्रकाश नारायण के नाम का सहारा लेकर राजनीतिक जवाबदेही से बचने का प्रयास किया जा रहा है। जनता यह जानना चाहती है कि समाजवाद के नाम पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार को संरक्षण देने की राजनीति आखिर कब तक चलेगी। उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी का संपूर्ण जीवन सत्ता और स्वार्थ की राजनीति के बजाय सिद्धांतों, नैतिक शुचिता और जनहित के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उनके विचार आज भी लोकतंत्र को मजबूत बनाने और सार्वजनिक जीवन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने की प्रेरणा देते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम का सम्मान तभी सार्थक होगा, जब उनके आदर्शों को व्यवहार में अपनाया जाएगा। उनके विचारों का वास्तविक सम्मान लोकतांत्रिक मर्यादाओं, ईमानदारी और जनहित को सर्वोपरि रखने से ही संभव है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन