home page

नहाने गया बालक नाले में डूबा, मौत

 | 
नहाने गया बालक नाले में डूबा, मौत


बांदा, 10 अक्टूबर (हि.स.)।

उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में हमउम्र बच्चों के साथ नहाने गया बालक उसरा नाला में समाकर डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

तिन्दवारी थाना क्षेत्र के खौड़ा गांव निवासी रामराज प्रजापति ने बताया उसका 11 वर्षीय पुत्र शिवा शनिवार सुबह अपने हम उम्र के बच्चों के साथ उसरा नाला में नहाने गया। नहाने के दौरान बच्चे पानी में खेलने लगे। नहाते समय पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में समा गया। काफी देर बाद जब वह पानी से बाहर नही निकला तो बच्चों ने शोर मचाया। शोर सुनकर आस पास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर गांव के करीब 30-40 लोग मौके पर पहुंच गए। सभी लोगों ने नाले में घुस कर उसकी तलाश शुरू कर दिया। करीब एक घंटा बाद घटना स्थल से लगभग 600 मीटर दूर दर्शने बाबा देव स्थान के पास गड्ढे में फंसा हुआ था। उसे पानी से बाहर निकाला और जीवित होने की आशंका पर उसे पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता रामराज ने बताया कि शिवा गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। वह उसका इकलौता पुत्र था। तीन बहनों में सबसे छोटा था। पिता के अनुसार, सुबह शिवा ने अपनी मां कविता से दोस्तों के साथ जाने को अनुमति लेने के लिए कई बार मिन्नतें कीं और पैर छूकर मनाया था। परिजनों ने बताया कि शिवा पहली बार नाले की ओर गया था। बेटे की मौत से माता-पिता और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। तिन्दवारी कस्बा इंचार्ज गजेन्द्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम केेे बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह