पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिरी बोलेरो,चालक की मौत
बाराबंकी, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जनपद में रामसनेहीघाट क्षेत्र अंतर्गत रविवार देर रात एक बोलेरो कल्याणी नदी के पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में जा गिरी। इस हादसे में वाहन चालक की माैत हाे गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर
पहुंची पुलिस ने वाहन काे नदी से निकलवाते हुए कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन दरियाबाद से भिटरिया की ओर जा रहा था। तभी तासीपुर गांव के पास कल्याणी नदी के पुल पर पहुंचते ही चालक का वाहन से नियंत्रण खो गया और तेज रफ्तार बोलेरो पुल की रेलिंग टकराने के बाद नदी में जा गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी। माैके पर पहुंची थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे दो युवकों को नदी से बाहर निकाला और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने वाहन चालक धनकुमार यादव (30) पुत्र रामसूरत यादव निवासी अमहिया, रामसनेहीघाट को मृत घोषित कर दिया। वहीं रानीमऊ निवासी रवि गंभीर रूप से घायल है, उसका इलाज जारी है।
रामसनेहीघाट थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद शुक्ला ने बताया कि दो युवक किसी काम से दरियाबाद गए थे। वापस घर लौटते समय बाेलेराे सवार
दाेनाें युवक वाहन समेत नदी में गिर गए। इस हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा घायल है। मृतक की पहचान करते हुए शव को पोस्टमार्टम भेजकर आगे की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

