home page

गोमती नदी में डूबे किशोर का एसडीआरएफ टीम को दूसरे दिन मिला शव

 | 

जौनपुर, 01 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित जफराबाद थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव के गोमती नदी घाट पर गुरुवार की दोपहर एक 13 वर्षीय किशोर नदी में डूब गया। देर शाम को जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गयी। पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार दोपहर किशोर की लाश मोथहा गांव के पास बरामद किया है।

उक्त क्षेत्र के महलपर गांव निवासी अखिलेश चौहान का पुत्र तेजस्वी चौहान अपने दो दोस्तों के साथ गुरुवार को दोपहर गोमती नदी में नहाने गया था। तीनों काफी देर तक नहाते रहे। उसके साथ के दोनो किशोर नहाकर नदी से बाहर निकल गए। उन दोनों ने तेजस्वी से भी घर चलने को कहा। परन्तु वह नहाता ही रहा। शाम तक जब तेजस्वी का पता नहीं चला तब उसके परिजन उसे ढूढ़ने लगे। काफी देर बाद उन्हें जानकारी हुई कि वह दो अन्य बच्चों के साथ नदी में नहाने गया था। परिजन नदी के किनारे पहुंचे तो वहां पर उसका कपड़ा मिला। उसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर थानाध्यक्ष श्रीप्रकाश शुक्ल,एसआई रामप्रताप,अली अहमद आदि मौके पर पहुँच गए। स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर की खोजबीन करवाया।परन्तु कुछ पता नही चला। देर शाम को एसडीआरएफ की टीम भी आ गयी। शुक्रवार को कई घंटे के अथक प्रयास के बाद तेजस्वी किशोर की लाश मोथहां गांव के समीप गोमती नदी में मिली। अपने लाल की लाश देखकर माँ पूनम बेहोश हो गयी। भाई इशांत चिलाने लगा। लाचार पिता एकटक शव को निहारता रहा। इस मामले में थानाध्यक्ष राम प्रकाश ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है, अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव