home page

एक्सरे सेंटर में काम करने वाले संभल निवासी युवक का शव सेंटर के टॉयलेट में मिला

 | 
एक्सरे सेंटर में काम करने वाले संभल निवासी युवक का शव सेंटर के टॉयलेट में मिला


मुरादाबाद, 05 नवंबर (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना गलशहीद थाना क्षेत्र में मोहन एक्सरे सेंटर में काम करने वाले संभल के गांव निवासी युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उसका शव एक्सरे सेंटर के टॉयलेट में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। युवक की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा है।

संभल जिले के हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव बैटला निवासी उमेश कुमार (28) बीते करीब आठ साल से गलशहीद थाना क्षेत्र के हरपालनगर स्थित मोहन एक्सरे सेंटर पर काम करता था। वह यहीं रहता भी था। बताया गया कि गुरुवार शाम करीब छह बजे उमेश कुमार टॉयलेट में गया और उसके बाद काफी देर तक वापस नहीं निकला। स्टाफ के लोगों ने इसकी सूचना एक्सरे सेंटर संचालक और पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर उमेश बेहोशी की हालत में मिला। उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी उसकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि बिसरा सुरक्षित कराया गया है। बिसरा जांच के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। जान गंवाने वाला उमेश कुमार चार भाईयों में दूसरे नंबर का था। उसकी मौत के बाद से मां विद्या देवी, पिता लखपत सिंह और भाईयों समेत परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल