निचली गंग नहर में डूबे युवक का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस
औरैया, 09 मार्च (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ताजपुर गांव के पास निचली गंग नहर में गिरे 24 वर्षीय युवक का शव 45 घंटे बाद नहर किनारे सरकंडे की झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी पर उपजिलाधिकारी बिधूना गरिमा सोनकिया, नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा, क्षेत्राधिकारी बिधूना और थाना प्रभारी मुकेश बाबू चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
थाना प्रभारी मुकेश बाबू ने बताया कि मृतक की पहचान सीआरपीएफ जवान प्रवीण अवस्थी के इकलौते पुत्र ऋतिक अवस्थी के रूप में हुई है। शनिवार शाम चार बजे कमलपुर स्थित निचली गंग नहर के पास ऋतिक मौजूद था। संतुलन बिगड़ने की वजह से वह नहर में गिर गया और पानी के तेज बहाव में वह बह गया। बचाव दल के साथ उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कही कुछ पता नहीं चला। सोमवार को ऋतिक का शव कमलपुर नहर पुल से लगभग 3 किलोमीटर दूर पलिया गांव के पास सरकंडे की झाड़ियों में फंसा हुआ मिला। स्थानीय लोगों ने शव देखकर इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गये। परिवार से पता चला कि ऋतिक अपने पिता प्रवीण का इकलौता पुत्र था, जो वर्तमान में देश की सेवा में सीआरपीएफ में तैनात हैं। बेटे की मौत से घर में मातम पसर गया। शव को पोस्टमार्टम भेजकर रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

